Vedant Samachar

पारदर्शी धान खरीदी से किसान रंजीत डहरिया को मिला मेहनत का पूरा मूल्य

Vedant samachar
2 Min Read

  • सर्वाधिक समर्थन मूल्य की धान खरीदी बनी किसान की आर्थिक मजबूती का आधार

कोरबा 30 दिसम्बर 2025/ छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा लागू की गई सर्वाधिक समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था आज किसानों के लिए भरोसे का मजबूत आधार बन चुकी है। धान उपार्जन केंद्रों में की जा रही पारदर्शी एवं त्वरित खरीदी व्यवस्था ने कृषकों के जीवन को सशक्त बनाया है।


कोरबा विकासखण्ड के ग्राम गोढ़ी के निवासी किसान रंजीत डहरिया पिता संतकुमार, ने इस योजना का लाभ उठाते हुए अपने परिश्रम का उचित मूल्य प्राप्त किया है। श्री डहरिया लगभग 6 एकड़ कृषि भूमि पर धान की खेती करते हैं। इस वर्ष उन्होंने सहकारी समिति नकटीखार में 102 क्विंटल धान का विक्रय किया। धान विक्रय के दौरान समिति में तौल, पंजीयन एवं भुगतान की प्रक्रिया पूरी तरह सरल, पारदर्शी और समयबद्ध रही, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई। सरकार द्वारा घोषित सर्वाधिक समर्थन मूल्य’पर धान बिकने तथा समय पर भुगतान मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।


रंजीत डहरिया बताते हैं कि पिछले वर्ष धान विक्रय से प्राप्त राशि का उपयोग उन्होंने अपनी बहन की शादी में किया, जिससे परिवार की एक बड़ी जिम्मेदारी सहजता से पूरी हो सकी और उन्हें किसी प्रकार का कर्ज नहीं लेना पड़ा। उन्होंने कहा कि पारदर्शी धान खरीदी व्यवस्था से किसानों का सरकार पर भरोसा बढ़ा है। धान विक्रय के बाद राशि सीधे बैंक खाते में जमा हो जाती है, जिससे आगे की खेती की तैयारी और घरेलू आवश्यकताओं की योजना बनाना आसान हो जाता है।


श्री डहरिया के अनुसार, छत्तीसगढ़ सरकार की त्वरित एवं पारदर्शी धान खरीदी नीति न केवल किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य दिला रही है, बल्कि उनके सपनों को साकार करने का माध्यम भी बन रही है। इस योजना से किसान अब बिना किसी चिंता के खेती कर पा रहे हैं, जिससे उनके जीवन में स्थिरता, सम्मान और खुशहाली आई है।

Share This Article