Vedant Samachar

कटघोरा में 9 दिवसीय रक्तदान शिविर के दूसरे दिन दिखा उत्साह, विश्वकर्मा इंडस्ट्रीज परिसर में हुआ सफल आयोजन

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा/कटघोरा, 19 जनवरी (वेदांत समाचार)। मारवाड़ी युवा मंच एवं नवचेतना शाखा कटघोरा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 9 दिवसीय रक्तदान शिविर के दूसरे दिन सराहनीय सहभागिता देखने को मिली। यह शिविर कटघोरा के प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थान विश्वकर्मा इंडस्ट्रीज परिसर में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में कर्मचारियों, युवाओं और समाजसेवियों ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।

शिविर में नगर पालिका परिषद कटघोरा के पार्षद एवं भारतीय रेडक्रास सोसायटी शाखा कटघोरा के चेयरमैन अजय गर्ग विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है और यह मानवता की सच्ची सेवा है। उन्होंने युवाओं से आगे आकर नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील भी की।

रक्तदान शिविर को सफल बनाने में विश्वकर्मा इंडस्ट्रीज प्रबंधन का विशेष सहयोग रहा। आयोजन समिति ने इंडस्ट्रीज के मालिक श्री गोपाल शर्मा एवं श्री शुभम शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग के बिना यह आयोजन संभव नहीं हो पाता। प्रबंधन द्वारा कर्मचारियों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया, जिससे शिविर में उत्साह का माहौल बना रहा।

आयोजकों ने जानकारी दी कि यह 9 दिवसीय रक्तदान शिविर 18 जनवरी से 26 जनवरी तक कटघोरा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

शिविर के समापन पर आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आगामी दिनों में भी अधिक से अधिक नागरिकों से रक्तदान में भाग लेने की अपील की।

Share This Article