Vedant Samachar

पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू

Vedant Samachar
2 Min Read

नई दिल्ली ,16 मार्च 2025 । कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, समाज सेवा, विज्ञान एवं इंजीनियरी, लोक कार्य, सिविल सेवा, व्यापार और उद्योग आदि क्षेत्रों में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों के लिए दिए जाने वाले पद्म पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन नामांकन तथा सिफारिश करने की प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है।

गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि अगले वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर घोषित किए जाने वाले पद्म पुरस्कार-2026 के लिए ऑनलाइन नामांकन/सिफारिशें शुरू हो गई हैं। पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन की अंतिम तारीख आगामी 31 जुलाई है। पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन/सिफारिशें गृह मंत्रालय के राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर ऑनलाइन प्राप्त की जाएंगी।

पद्म पुरस्कारों के तहत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री दिए जाते हैं। वर्ष 1954 में शुरू किए गए इन पुरस्कारों की घोषणा प्रतिवर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है।

पद्म पुरस्कार कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, समाज सेवा, विज्ञान एवं इंजीनियरी, लोक कार्य, सिविल सेवा, व्यापार एवं उद्योग आदि जैसे सभी क्षेत्रों/विषयों में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों/सेवा के लिए प्रदान किए जाते हैं। जाति, व्यवसाय, पद या लिंग के भेदभाव के बिना सभी व्यक्ति इन पुरस्कारों के लिए पात्र हैं। चिकित्सकों और वैज्ञानिकों को छोड़कर अन्य सरकारी सेवक, जिनमें सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में काम करने वाले सरकारी सेवक भी शामिल है, पद्म पुरस्कारों के पात्र नहीं हैं।

Share This Article