Vedant Samachar

एसईसीएल मुख्यालय के चार कर्मियों को सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई

Vedant samachar
2 Min Read

बिलासपुर, 31 दिसंबर (वेदांत समाचार)। एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर में 31 दिसंबर 2025 को सेवानिवृत्त होने वाले चार अधिकारियों-कर्मचारियों को गरिमामय एवं भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक हरीश दुहन के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मियों को शाल, श्रीफल एवं पुष्पहार से सम्मानित कर उनके समस्त भुगतान का चेक प्रदान किया गया।

मुख्यालय स्थित सीएमडी कक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में निदेशक तकनीकी (संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (कार्मिक) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (योजना/परियोजना) रमेश चन्द्र महापात्र सहित विभिन्न विभागाध्यक्ष, श्रम संघ प्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त होने वालों में दीपक पंड्या, महाप्रबंधक (खनन), अनिल कुमार पांडेय, महाप्रबंधक (औद्योगिक अभियांत्रिकी), प्रीतिश रंजन टीकादर, वरीय प्रबंधक (विद्युत/यांत्रिक) योजना परियोजना विभाग तथा करन कुमार कनोजिया, सीनियर डुप्लीकेट ऑपरेटर, योजना परियोजना विभाग शामिल रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शीर्ष प्रबंधन ने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों ने अपनी कार्यकुशलता, निष्ठा और समर्पण के बल पर एसईसीएल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके द्वारा किए गए कार्य और सेवाएँ सदैव स्मरणीय रहेंगी। प्रबंधन ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के उज्ज्वल भविष्य एवं सुखद पारिवारिक जीवन की कामना की।

सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी एसईसीएल प्रबंधन और सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रतिष्ठित संस्था में कार्य करना उनके लिए गर्व का विषय रहा है। उन्होंने कहा कि एसईसीएल में सभी अधिकारी एवं कर्मचारी टीम भावना के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करते हैं और हर जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाते हैं।

कार्यक्रम का सफल संचालन तथा सेवानिवृत्त कर्मियों का परिचय उप प्रबंधक (राजभाषा) सविता निर्मलकर द्वारा किया गया।

Share This Article