जांजगीर चांपा, 09 अक्टूबर – जिले में आपसी रंजिश और पुराने विवाद को लेकर एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। थाना जांजगीर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह घटना 08 अक्टूबर 2025 की रात की है, जब वार्ड क्रमांक 18 निवासी आरोपी शिवम यादव ने अपने ही मोहल्ले के युवक पर जानलेवा हमला कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार 08 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे वार्ड क्रमांक 18, कालिका होटल के पीछे रहने वाले आकाश यादव पर, वहीं के रहने वाले 20 वर्षीय युवक शिवम यादव पिता मनोज यादव ने जानलेवा हमला कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी शिवम यादव ने पुराने केस को वापस लेने की बात को लेकर आकाश यादव के साथ पहले गाली-गलौच की और मना करने पर उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की।
इसके बाद स्थिति और बिगड़ गई जब आरोपी ने चाकू से हमला कर घायल कर दिया। घायल युवक की सूचना पर तत्काल थाना जांजगीर में FIR दर्ज की गई और मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई प्रारंभ की।
जांच के दौरान जांजगीर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर टीम बनाकर घेराबंदी की और शिवम यादव को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296, 351(2), 115(2), 3(5), 118(1) B.N.S. एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर कानूनी कार्रवाई की है।
इस पूरे प्रकरण में थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय, प्रधान आरक्षक आलोक शर्मा, प्रकाश राठौर, राकेश तिवारी, तथा आरक्षक दिलीप सिंह की भूमिका सराहनीय रही। त्वरित और सक्रिय कार्रवाई से एक बड़ा अपराध टल गया और आरोपी को समय रहते न्यायिक प्रक्रिया के हवाले कर दिया गया।



