Vedant Samachar

जांजगीर-चांपा: नवागढ़ ब्लाक के खिशोरा गांव की प्राथमिक शाला में प्रशासनिक लापरवाही, ताला बंद मिलने से बच्चे हुए परेशान

Vedant samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा, 22 नवंबर । जिले के नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत खिशोरा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला आमापाली में आज सुबह गंभीर प्रशासनिक लापरवाही का मामला सामने आया। रोज़ की तरह जब बच्चे समय पर स्कूल पहुँचे तो उन्होंने देखा कि स्कूल का मुख्य दरवाज़ा बंद था। निर्धारित समय बीतने के बाद भी कोई शिक्षक स्कूल नहीं पहुँचा, जिसके कारण बच्चे घंटों तक बाहर ही खड़े इंतजार करते रहे।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार यह समस्या नई नहीं है। बताया जा रहा है कि स्कूल में शिक्षकों के देर से आने की शिकायतें पहले भी कई बार उठ चुकी हैं, मगर आज स्कूल पर ताला मिलने से अभिभावकों में खासा आक्रोश देखा गया। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई और कई अभिभावकों ने इसे शिक्षा व्यवस्था की बड़ी विफलता बताया।

ग्रामीणों ने कहा कि सरकारी स्कूलों में इस तरह की लापरवाही बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने शिक्षा विभाग से मांग की है कि नियमित रूप से अनुपस्थित या देर से आने वाले शिक्षकों पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो और स्कूल व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके।

इस घटना ने एक बार फिर सरकारी स्कूलों की निगरानी व्यवस्था, शिक्षकों की जवाबदेही और शिक्षा तंत्र की गंभीर खामियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article