Vedant Samachar

ड्राइवर-मजदूरों का धरना: एसईसीएल मानिकपुर खदान के सामने एससीसी कंपनी के कर्मचारियों ने उठाई अपनी वाजिब मांगें

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 25 अक्टूबर 2025। जिले के मानिकपुर कोयला खदान स्थित एसईसीएल जीएम कार्यालय के सामने एससीसी कंपनी के ड्राइवर और मजदूर अपने विभिन्न वाजिब मांगों को लेकर शनिवार को धरने पर बैठ गए। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से बार-बार मांग रखने के बावजूद कंपनी प्रबंधन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं कर रहा है। इससे आक्रोशित होकर उन्होंने शांतिपूर्ण ढंग से धरना प्रदर्शन शुरू किया है।

मजदूरों ने बताया कि पिछले कई महीनों से वेतन में अनियमितता बरती जा रही है। समय पर भुगतान नहीं होने से मजदूरों को परिवार का खर्च चलाने में परेशानी हो रही है। इसके साथ ही ओवरटाइम का भुगतान भी नहीं किया जा रहा है। ड्राइवरों का कहना है कि खदान में प्रतिदिन 12 घंटे तक काम कराने के बावजूद मजदूरों को सिर्फ 8 घंटे की मजदूरी दी जाती है। इसके अलावा श्रमिक सुरक्षा के साधन जैसे हेलमेट, दस्ताने और जूते भी समय पर उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं।

धरना स्थल पर मजदूरों ने कहा कि वेतन, ओवरटाइम, बोनस और सुरक्षा मानकों को लेकर कई बार प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन अब तक किसी भी स्तर पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई है। मजदूरों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार, इस संबंध में एसईसीएल प्रशासन और कंपनी प्रबंधन के बीच वार्ता की संभावना जताई जा रही है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी हालात पर नजर बनाए हुए हैं ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे।

धरने में बड़ी संख्या में ड्राइवर, हेल्पर और अन्य मजदूर शामिल हुए हैं। मजदूर संगठनों ने भी इस आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की है और कहा है कि जब तक उनकी जायज मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा।

Share This Article