Vedant Samachar

प्रेमिका पर शक बना खूनी कहानी की वजह, बहनों को भी नहीं बख्शा, जानलेवा हमला…

Vedant Samachar
2 Min Read

बिलासपुर,29जून(वेदांत समाचार)। जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र में प्यार का ऐसा खौफनाक अंजाम सामने आया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। प्रेमिका पर किसी और से संबंध होने के शक में एक युवक ने अपने दोस्त के साथ मिलकर न सिर्फ प्रेमिका बल्कि उसकी दो बहनों पर भी जानलेवा हमला कर दिया। लोहे के धारदार चापड़ से तीनों को बुरी तरह घायल कर दिया गया। वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना 27 जून की रात करीब 9 बजे की है।

सरकंडा के भूकंप अटल आवास में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक कमरे से चीख-पुकार सुनाई दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि उर्मिला श्रीवास, सुनीता उर्फ सुषमा और रानी श्रीवास उर्फ प्रमिला खून से लथपथ हालत में पड़ी थीं। उर्मिला की हालत बेहद गंभीर थी, जिसने बताया कि अमन पटेल नाम के युवक ने “तू मेरी नहीं तो किसी की नहीं हो सकती” कहते हुए धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच बचाव करने आईं उसकी बहनों को भी नहीं बख्शा गया।

घटना की जानकारी मिलते ही सरकंडा पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर दोनों आरोपियों – अमन पटेल और उसके साथी अमित कुमार सिंह को भागते हुए कोरबा के ग्राम अरदा से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उनके पास से वारदात में प्रयुक्त बाइक और झाड़ियों में छिपाया गया चापड़ भी बरामद कर लिया गया है। प्रेमिका पर शक ने एक युवक को हैवान बना दिया, जिसने तीन जिंदगियों को मौत के मुहाने पर ला खड़ा किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है……

Share This Article