Vedant Samachar

जांजगीर में सशस्त्र बल पूर्व सैनिक दिवस पर भूतपूर्व सैनिकों व शहीद परिवारों का गरिमामय सम्मान

Vedant samachar
2 Min Read

जांजगीर, 14 जनवरी 2026 (वेदांत समाचार)। सशस्त्र बल पूर्व सैनिक दिवस के अवसर पर जिले के भूतपूर्व सैनिकों एवं शहीद परिवारों के सम्मान में कचहरी चौक, जांजगीर स्थित शहीद स्मारक स्थल पर गरिमामय सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मारक पर देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर एवं पुष्पांजलि अर्पण के साथ की गई। इससे पूर्व बीते दिवस की संध्या को भी पुलिस विभाग द्वारा भूतपूर्व सैनिकों के सम्मान का आयोजन किया गया था।

सम्मान समारोह में सांसद कमलेश जांगड़े, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, भाजपा जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मिरी सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, भूतपूर्व सैनिक, शहीदों के परिजन एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सांसद और पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने अपने उद्बोधन में देश की रक्षा में सशस्त्र बलों के योगदान, त्याग और बलिदान को नमन किया। उन्होंने भूतपूर्व सैनिकों के अनुशासन, सेवा भावना और राष्ट्रभक्ति की सराहना करते हुए कहा कि सैनिकों का जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

कार्यक्रम के दौरान जिले के भूतपूर्व सैनिकों एवं शहीद परिवारों को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सैनिकों और उनके परिवारों का सम्मान करना समाज और राष्ट्र का नैतिक दायित्व है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान की भावना को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम में सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा सहित जिले के भूतपूर्व सैनिक भी उपस्थित रहे। समारोह का समापन राष्ट्र के प्रति समर्पण और एकता के संदेश के साथ हुआ।

Share This Article