डेस्क । रणवीर सिंह स्टारर और आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई को लेकर चर्चा में है, लेकिन इसी बीच फिल्म से जुड़े एक अभिनेता का नाम गंभीर विवाद में फंस गया है। ‘धुरंधर’ में अक्षय खन्ना के किरदार रहमान डकैत के कुक अखलाक की भूमिका निभाने वाले अभिनेता नदीम खान को मुंबई पुलिस ने एक महिला की शिकायत के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अभिनेता पर अपने घर में काम करने वाली महिला से शादी का झांसा देकर करीब दस साल तक शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है। शिकायत करने वाली महिला की उम्र 41 साल बताई जा रही है और वह लंबे समय से मुंबई में विभिन्न कलाकारों के घरों में हाउस हेल्पर के तौर पर काम करती रही है।
महिला ने अपने बयान में बताया कि साल 2015 में उसकी पहली मुलाकात नदीम खान से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और इसी दौरान अभिनेता ने उससे शादी करने का वादा किया। महिला का आरोप है कि शादी के इसी भरोसे पर उसने शारीरिक संबंध बनाने की सहमति दी, जो लगभग एक दशक तक चलता रहा। महिला के अनुसार, दोनों की मुलाकातें उसके घर और वर्सोवा स्थित नदीम खान के घर पर होती थीं और हर बार उसे यही आश्वासन दिया जाता था कि यह रिश्ता जल्द ही शादी में बदलेगा।
शिकायतकर्ता का कहना है कि जब बाद में नदीम खान ने उससे शादी करने से साफ इनकार कर दिया, तब उसने पुलिस से संपर्क करने का फैसला लिया। महिला ने इस महीने की शुरुआत में वर्सोवा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान यह सामने आया कि कथित शारीरिक संबंध की शुरुआत मालवानी इलाके में स्थित महिला के घर पर हुई थी, जो मालवानी पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है। इसी आधार पर वर्सोवा पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला मालवानी पुलिस को ट्रांसफर कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायत और प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मालवानी पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए नदीम खान को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की आगे की जांच जारी है। इस गिरफ्तारी के बाद फिल्म ‘धुरंधर’ से जुड़े इस विवाद ने मनोरंजन जगत में भी हलचल मचा दी है।



