Vedant Samachar

कोरबा के टी.पी. नगर गुरुद्वारा में 40 लाख रुपये के होंगे विकास कार्य

Vedant samachar
5 Min Read

0 उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य एवं महापौर संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ विकास कार्यों का भूमिपूजन

कोरबा, 24 जनवरी 2026 — कोरबा के टी.पी. नगर स्थित गुरुद्वारा में 40 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे। आज प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य एवं महापौर संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में इन विकास कार्यों का भूमिपूजन सम्पन्न हुआ। इस मौके पर उद्योग मंत्री देवांगन ने निर्माण एजेंसी को पूरी गुणवत्ता के साथ कार्य संपादित करने एवं अपेक्षित गति लाते हुए समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कोरबा के टी.पी. नगर स्थित गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा परिसर में सी.एस.आर. मद से 40 लाख रुपये की लागत से पेवर ब्लॉक लगाए जाने सहित अन्य विकास कार्य कराए जाने हैं। आज इन विकास कार्यों का भूमिपूजन उद्योग मंत्री देवांगन एवं महापौर राजपूत के करकमलों से किया गया। इस अवसर पर उद्योग मंत्री देवांगन ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह समाज की बहुप्रतीक्षित मांग थी, जो गुरुजी की कृपा से आज पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि समाज के सदस्यों ने विकास कार्य हेतु साढ़े 38 लाख रुपये का व्यय बताया था, किन्तु सी.एस.आर. मद से इस कार्य हेतु 40 लाख रुपये की स्वीकृति दिलवाई गई है, ताकि कार्य में धनराशि की कमी न हो।

उन्होंने आगे कहा कि कोरबा के सभी समाजों के लोगों का आशीर्वाद उन्हें सदैव मिलता रहा है। उन्होंने कोरबा क्षेत्र के नागरिकबंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने सेवा का अवसर प्रदान किया। उन्होंने कहा कि सिख समाज त्याग, वीरता एवं बलिदान के लिए जाना जाता है और समाज द्वारा मिले आशीर्वाद के लिए वे कृतज्ञ हैं। मंत्री देवांगन ने बताया कि गुरुद्वारा परिसर स्थित लंगर हाल के जीर्णोद्धार की घोषणा महापौर संजूदेवी राजपूत द्वारा की गई है तथा इस कार्य में किसी भी प्रकार की कमी को पूरा करने के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे।

महापौर ने की लंगर हाल जीर्णोद्धार की घोषणा

इस अवसर पर समाज के बंधुओं की मांग पर महापौर संजूदेवी राजपूत ने गुरुद्वारा प्रांगण स्थित लंगर हाल के जीर्णोद्धार की घोषणा की। उन्होंने कहा कि उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन द्वारा गुरुद्वारा प्रांगण में विकास कार्यों की जो सौगात दी गई है, उसके लिए वे उनका धन्यवाद करती हैं। उन्होंने कहा कि कोरबा के विकास हेतु उद्योग मंत्री लगातार विभिन्न मदों से फंड की व्यवस्था करा रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप सभी वार्डों में विकास कार्य हो रहे हैं। महापौर ने नागरिकों को आश्वस्त किया कि उनके विश्वास को कायम रखा जाएगा और हर सुख-दुख में वे उनके साथ खड़ी रहेंगी।

देवांगन ने अपने महापौर कार्यकाल में दी थी लंगर हाल की सौगात

इस मौके पर गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा प्रबंधन कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी अमरीक सिंह धंजल ने कहा कि जब लखनलाल देवांगन कोरबा के महापौर थे, तब उन्होंने गुरुद्वारा प्रांगण में लंगर हाल की सौगात दी थी। उन्होंने बताया कि प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य विकास कार्य भी उसी समय कराए गए थे। उन्होंने कहा कि देवांगन ने लंगर हाल निर्माण के दौरान समाज की इच्छानुसार निर्माण कराने का आश्वासन दिया था, जिसे उन्होंने पूरा किया। उनके द्वारा कराए गए विकास कार्यों को कोरबा के लोग आज भी याद करते हैं।

इस अवसर पर वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, अशोक चावलानी, पार्षद प्रेमलता बंजारे, युगल कैवर्त, रमाशंकर साहू, प्रफुल्ल तिवारी, नरेन्द्र पाटनवार, गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के प्रधान जतीन्दर सिंह, परविंदर सिंह भाटिया, अमरीक सिंह धंजल, गुरुभेज सिंह, अमृत सिंह, रघुवीर सिंह, सोनू भाटिया, सुखविंदर सिंह, देवेन्द्र सिंह, जसप्रीत कौर, जसवीर कौर, सुखविंदर सिंह धंजल, लक्ष्य चतुर्वेदी, इन्द्रराज सिंह भाटिया, करतार सिंह, जगवीर सिंह, हरदीप सिंह, बलविंदर सिंह, करणजीत कौर, चरणजीत कौर, जसवीर सिंह जस्सी, करनदीप सिंह, हरचरण सिंह, जसपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में सिख समाज के नागरिक एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Share This Article