Vedant Samachar

गांव-गांव पहुंचा ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ किसानों को दी जा रही नवीनतम तकनीकों की जानकारी…

Vedant samachar
2 Min Read

कोरिया,04जून 2025(वेदांत समाचार)। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की संकल्पना ‘विकसित भारत – विकसित कृषि’ के अनुरूप कोरिया जिले में कार्य कर रहा है, जिसमें किसान और विज्ञान को एक मंच पर लाया जा रहा है।

जिले में कृषि को वैज्ञानिक, लाभप्रद और टिकाऊ बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के तहत अब तक 18 क्लस्टरों की 54 ग्राम पंचायतों में किसानों को नई कृषि तकनीकों और वैज्ञानिक तरीकों से अवगत कराया जा चुका है। यह अभियान जिले के 39 क्लस्टरों के 286 गांवों तक पहुँचने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है। इस अभियान के अंतर्गत किसान रथ गांव-गांव जाकर किसानों को फसल चक्र परिवर्तन, उन्नत बीज, जैविक खेती, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, और आधुनिक कृषि यंत्रों जैसे सीड ड्रिल, प्लांटर मशीन, पैडी ट्रांसप्लांटर, ब्रॉड बेड फरो मशीन एवं ड्रोन तकनीक के उपयोग संबंधी जानकारी प्रदान कर रहा है।

अभियान का संचालन जिला कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। जिले में गठित तीन कृषि वैज्ञानिकों की टीम द्वारा 29 मई 2025 से प्रतिदिन तीन क्लस्टरों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कृषि विभाग के उप संचालक राजेश कुमार भारती ने जानकारी दी है कि अभियान के दौरान किसानों से फीडबैक भी लिया जा रहा है, जो पारंपरिक कृषि ज्ञान, नवाचार और स्थानीय अनुभवों पर आधारित है। इस फीडबैक का उपयोग कृषि अनुसंधान संस्थानों में किया जाएगा ताकि खेती को जलवायु परिवर्तन के अनुकूल, लाभकारी और टिकाऊ बनाया जा सके।

Share This Article