एमसीबी ,29मई 2025(वेदांत समाचार): भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय नई दिल्ली के निर्देशानुसार जिले के कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के निर्देशन में जिले में 29 मई से 12 जून तक चलने वाले विकसित कृषि संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। जिसके अंतर्गत कृषि विभाग के द्वारा सभी विकासखण्डों में विकसित कृषि संकल्प अभियान रथ का संचालन किया जा रहा है।
रथ को कलेक्टर कार्यालय के प्रांगण से अपर कलेक्टर अनिल सिदार, संयुक्त कलेक्टर सी.एस. पैकरा, उप संचालक कृषि लाल सिंह आर्माे, पशु चिकित्सक डॉ. बघेल, मत्स्य विभाग से एच.एन. वर्मा एवं जनप्रतिनिधि जि.पं. सदस्य उजित नारायण, जनपद अध्यक्ष मनेन्द्रगढ़ श्रीमती जानकी बाई कुसरो एवं अन्य जनप्रतिनिधि के द्वारा हरी झंडी दिखाकर अभियान के तहत् आयोजित शिविरों के लिए रवाना किया गया। यह रथ प्रतिदिन प्रतिविकासखण्ड 2 ग्राम पंचायत एवं उनसे लगी अन्य पंचायतों में घुम-घुमकर कृषि एवं अन्य संबंधित विभागों की जन कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करते हुए आयोजित शिविरों में योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे। विकसित कृषि संकल्प अभियान राष्ट्रीय स्तर का अभियान है जो कि खरीफ मौसम की पूर्व तैयारी को सशक्त बनाने, किसानों को आधुनिक व वैज्ञानिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और खेतों में हो रहे नवाचारों को पहचान कर अनुसंधान की दिशा तय करने के लिए शुरू किया गया है।
जिले में इस अभियान के सफल संचालन के लिए कृषि एवं संबंधित विभाग जैसे उद्यान, पशुपालन, मछली पालन के जिला एवं विकासखण्ड स्तर के अधिकारियों तथा कृषि महाविद्यालय के वैज्ञानिकों की 3 टीम गठित की गई है। यह टीम प्रतिदिन प्रतिविकासखण्ड 2 ग्राम पंचायतों में पहुंचकर किसानों के साथ कृषक पाठशाला के माध्यम से कृषकों को मृदा परीक्षण, धान की कतार बोनी एवं पैडी ट्रांसप्लांटर से धान रोपड़, ड्रोन तकनीकी का उपयोग, प्राकृतिक खेती योजना के बारे में, बीजों की नवीन किस्में, संतुलित उर्वरक उपयोग, संतुलित कीटनाशक उपयोग, पशुओं की मौसमी बिमारियों एवं उपचार, उद्यानिकी फसलों के बारे में विस्तृत रूप से परिचर्चा करेंगे, साथ ही कृषि विभाग, उद्यान विभाग, पशुपालन, मछलीपालन विभाग की प्रमुख राज्य एवं केन्द्रीय योजना के बारे में जानकारी साझा की जावेगी। शिविर में ग्राम पंचायत एवं विकासखण्ड के प्रगतिशील कृषकों को भी उनके नवाचार के बारे में बताने हेतु आमंत्रित किया गया है।