हमारे सैनिकों का बलिदान और समर्पण देश की सुरक्षा और गौरव का आधार-उपमुख्यमंत्री शर्मा,उपमुख्यमंत्री ने वीर नारियों और वीर माताओं को शाल, श्रीफल और 11,000 रुपये की नकद राशि किया प्रदान
रायपुर,05जून 2025(वेदांत समाचार)। संचालनालय सैनिक कल्याण रायपुर के परिसर में आज उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने भारतीय सशस्त्र सेना के शौर्य और ऐतिहासिक कार्यों को दर्शाने वाले नव निर्मित भित्ति चित्रों का लोकार्पण किया। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि ये भित्ति चित्र सैनिक कल्याण परिसर की बाहरी दीवारों को सुशोभित करते हैं, जो भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना के गौरवशाली योगदान को प्रदर्शित करते हैं। ये चित्र न केवल परिसर की शोभा बढ़ाते हैं, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी हैं, जो उन्हें भारतीय सशस्त्र सेनाओं में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। इसके पश्चात उन्होंने परिसर में स्थित कल्याण बाग में वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर ब्रिगेडियर टी.एस. बावा, सेना मेडल, कमांडर, मुख्यालय छत्तीसगढ़-ओडिशा सब एरिया; एयर कमोडोर एफ.पी. पिंटो, शौर्य चक्र, वायु सेना मेडल, मेन्सन-इन-डिस्पेच, कमांडर, एंटी नक्सल टास्क फोर्स; कमोडोर ए.एस. बिसेन (सेवानिवृत्त); कर्नल एस. रमेश, कार्यवाहक कमांडर, एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, रायपुर; सहित कई गणमान्य नागरिक, सैन्य अधिकारी और भूतपूर्व सैनिक उपस्थित थे।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भारतीय सशस्त्र सेना के जवानों की वीरता, त्याग और समर्पण की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हमारे सैनिकों का बलिदान और समर्पण देश की सुरक्षा और गौरव का आधार है। उन्होंने भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने सैनिक कल्याण बोर्ड द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और भविष्य में भी गृह विभाग के सहयोग से इन प्रयासों को और सशक्त करने का विश्वास दिलाया। माननीय उप मुख्यमंत्री ने वीर नारियों के सम्मान में गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि सैनिक कल्याण संचालनालय और गृह विभाग मिलकर भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए सभी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करेंगे। उन्होंने भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के साथ अनौपचारिक चर्चा भी की और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के दौरान माननीय उप मुख्यमंत्री ने वीर नारियों और वीर माताओं को शाल, श्रीफल और 11,000 रुपये की नकद राशि प्रदान कर सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त तीन भूतपूर्व सैनिक हितग्राहियों को कल्याणकारी योजनाओं के तहत धनादेश वितरित किए गए।
संचालक, सैनिक कल्याण, ब्रिगेडियर विवेक शर्मा, विशिष्ट सेवा मेडल (सेवानिवृत्त) ने राज्य सैनिक बोर्ड की गतिविधियों, कार्यकलापों और भूतपूर्व सैनिकों के लिए केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि ये योजनाएँ भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए समर्पित हैं।