रायपुर, 28 अगस्त (वेदांत समाचार)। जिले के दैनिक वेतनभोगी वन कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आकस्मिकता कार्यभारित, स्थायीकरण और राजीव स्मृति वन, तिल्दा, नवा रायपुर, सोंनडोंगरी, गोढ़ी, जोरा नर्सरी में कार्यरत दैनिक श्रमिकों को 4,000 रुपये श्रम सम्मान राशि भुगतान किए जाने की मांग को लेकर चर्चा की।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जो हो रहा है वह सही नहीं है और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को श्रम सम्मान राशि से वंचित नहीं किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।
जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता ने विधानसभा अध्यक्ष को छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ में व्याप्त समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि संघ में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारी मनमानी कर रहे हैं और मर्यादाहीन बातें करते हैं। उन्होंने विशेष रूप से सचिव मैंडम और प्रबंध संचालक अनिल साहू का नाम लेते हुए कहा कि वे दैनिक वेतनभोगी श्रमिकों के साथ बुरा व्यवहार करते हैं।
जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि अगर स्थिति नहीं सुधरी तो वन धन भवन का घेराव भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दैनिक वेतनभोगी श्रमिकों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।



