Vedant Samachar

क्रिएटर प्रियंका सरकार की सफलता की कहानी: संघर्ष, मेहनत और पहचान

Lalima Shukla
3 Min Read
Oplus_131072

CG CINEMA NEWS: रायगढ़ के जुटमिल मिटूमुड़ा की रहने वाली प्रियंका सरकार ने अपने कॉमेडी वीडियो के दम पर आज सोशल मीडिया की दुनिया में खास पहचान बना ली है। लगातार दो वर्षों से प्रियंका एक क्रिएटर के रूप में सक्रिय हैं और उनके वीडियो को दर्शकों से जबरदस्त प्यार और सराहना मिल रही है। उनकी रचनात्मकता और कॉमिक टाइमिंग ने उन्हें सोशल मीडिया पर एक अलग मुकाम पर पहुंचा दिया है।

प्रियंका का सफर आसान नहीं रहा है। उनकी इस सफलता के पीछे उनकी मेहनत और समर्पण की बड़ी भूमिका रही है। प्रियंका ने खुद इस बात को स्वीकार किया है कि उन्होंने बिना किसी के सहयोग के, अपने दम पर यह मुकाम हासिल किया है।


प्रियंका ने आगे बताया कि जब उनके वीडियो को एक साल पहले शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा था, तब उनके पास कई बड़े ऑफर भी आए थे। लेकिन उस समय उनके पास समय की कमी थी, इसलिए वे उन अवसरों का लाभ नहीं उठा सकीं। अब जबकि उनके पास समय है, तो कोई नया ऑफर नहीं मिल रहा है, लेकिन उनका हौसला अभी भी मजबूत है।प्रियंका अपनी सफलता का पूरा श्रेय खुद को देती हैं। उनके अनुसार, इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने दिन-रात कड़ी मेहनत की है।

“रात को मैं कंटेंट के बारे में सोचती थी, सुबह वीडियो शूट करती थी, फिर रात में एडिटिंग करके अगली सुबह वीडियो अपलोड करती थी। ये मेरी दिनचर्या बन चुकी थी।”

प्रियंका पढ़ाई में भी अव्वल रही हैं। वे पोस्ट ग्रेजुएट हैं और इस समय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रही हैं। उनके अनुसार, एक सफल सोशल मीडिया क्रिएटर होने के साथ-साथ वे अपने करियर के अन्य विकल्पों को भी मजबूत करना चाहती हैं।

“मेहनत कभी बेकार नहीं जाती। मैं अपने सपनों को साकार करने के लिए अभी भी पूरी शिद्दत से काम कर रही हूं। जल्द ही मैं बड़े पर्दे पर भी नजर आऊंगी।”

प्रियंका की कहानी उन तमाम युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सोशल मीडिया के जरिए अपनी पहचान बनाना चाहते हैं। उनका मानना है कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, केवल मेहनत और समर्पण ही इंसान को उसके लक्ष्य तक पहुंचाता है। प्रियंका की इस कामयाबी ने यह साबित कर दिया है कि अगर इरादे मजबूत हों, तो कोई भी सपना हकीकत बन सकता है।

Share This Article