Vedant Samachar

नए कुलपति की नियुक्ति पर इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में विवाद… “कुलपति GO BACK” के लगे नारे

Lalima Shukla
2 Min Read

खैरागढ़, 12 अप्रैल 2025। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ की कुलपति डॉ. लवली शर्मा की नियुक्ति का विरोध शुरू हो गया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया और “कुलपति GO BACK” के नारे लगाए।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि डॉ. लवली शर्मा के खिलाफ उनके पूर्व कार्यस्थल ग्वालियर स्थित मानसिंग विश्वविद्यालय में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लग चुके हैं। इसके अलावा, 2019 में ग्वालियर संगीत विश्वविद्यालय में सेक्स स्कैंडल के आरोपों के बीच उन्हें हटाया गया था। उस समय विश्वविद्यालय में धारा 57 लागू कर दी गई थी और दो सहायक प्राध्यापकों पर छात्रा के साथ यौन शोषण के आरोप लगे थे।

एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि विश्वविद्यालय एक सांस्कृतिक और शैक्षणिक संस्था है, जहां नेतृत्व का पद किसी विवादित व्यक्ति को नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि कुलपति की नियुक्ति को वापस नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

वहीं, इस पूरे घटनाक्रम पर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लेकिन विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों और शिक्षकों के बीच इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है। कई छात्र इसे राजनीति से प्रेरित कदम मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे विश्वविद्यालय की छवि के लिए गंभीर चुनौती मानते हैं।

एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि विश्वविद्यालय प्रशासन को डॉ. लवली शर्मा की नियुक्ति पर पुनर्विचार करना चाहिए और एक पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से नए कुलपति की नियुक्ति करनी चाहिए।

Share This Article