Vedant Samachar

अमेरिका-रूस में बढ़ी तकरार! ट्रम्प की सेना ने वेनेजुएला जा रहे रूसी तेल टैंकर पर किया कब्जा, दुनियाभर में मचा हड़कंप…

Vedant Samachar
3 Min Read

वाशिंगटन ,08 जनवरी : अमेरिका ने उत्तरी अटलांटिक और कैरेबियन में एक के बाद एक की गई दो कार्रवाइयों में वेनेजुएला से जुड़े दो प्रतिबंधित तेल टैंकरों को जब्त कर लिया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अमेरिक- यूरोपीय कमान ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में ‘अमेरिकी प्रतिबंधों के उल्लंघन’ के आरोप में व्यापारिक पोत बेला-1 को जब्त करने की घोषणा की। अमेरिका पिछले महीने से इस टैंकर का पीछा कर रहा था, क्योंकि इसने वेनेजुएला के आसपास प्रतिबंधित तेल जहाजों पर अमेरिकी नाकेबंदी से बचने की कोशिश की थी।

अमेरिका ने रूस के दो तेल जहाज जब्त किए

इसके बाद, अमेरिका की गृह मंत्री क्रिस्टी नोएम ने खुलासा किया कि अमेरिकी सेना ने कैरिबियन में टैंकर सोफिया पर भी नियंत्रण स्थापित कर लिया है। नोएम ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि दोनों जहाज ‘‘या तो आखिरी बार वेनेजुएला में रुके थे या उसकी ओर जा रहे थे।’’ एक अमेरिकी अधिकारी ने बुधवार को एसोसिएटेड प्रेस को पहचान जाहिर नहीं होने के अनुरोध के साथ बताया कि अमेरिकी सेना ने बेला-1 को जब्त कर लिया और बाद में इसका नियंत्रण कानून प्रवर्तन अधिकारियों को सौंप दिया।

ईरान समर्थित लेबनानी आतंकवादी समूह हिजबुल्ला से जुड़ी एक कंपनी के लिए माल की तस्करी करने के आरोप में इस जहाज पर 2024 में अमेरिका ने प्रतिबंध लगाया था। दिसंबर में जब यह जहाज वेनेजुएला की ओर जा रहा था, तब अमेरिकी तटरक्षक बल ने कैरिबियन सागर में इस पर नियंत्रण स्थापित करने की कोशिश की थी लेकिन तब यह बच निकला था और अटलांटिक महासागर की ओर बढ़ गया था।

अमेरिकी सैन्य विमान उस जहाज के ऊपर से उड़ान भर चुके हैं, और मंगलवार को रॉयल एयर फोर्स के एक निगरानी विमान को उड़ान-ट्रैकिंग वेबसाइटों पर उसी क्षेत्र के ऊपर से उड़ते हुए दिखाया गया था। रूस के विदेश मंत्रालय ने घटना से पहले कहा था कि वह रूसी तेल टैंकर मेरिनेरा को लेकर विकसित हुई असामान्य स्थिति पर ‘चिंता के साथ नजर रख रहा है’। रूस की आधिकारिक समाचार एजेंसी तास ने विदेश मंत्रालय के हवाले से बताया, ‘‘पिछले कई दिनों से, अमेरिकी तटरक्षक बल का एक जहाज मेरिनेरा का पीछा कर रहा है, जबकि हमारा जहाज अमेरिकी तट से लगभग 4,000 किलोमीटर दूर है।’’

Share This Article