Vedant Samachar

12 दिन से लापता है दसवीं का छात्र स्कूल जाने निकला फिर नहीं लौटा घर…

Vedant samachar
3 Min Read

बिलासपुर,28नवंबर (वेदांत समाचार) । बिलासपुर में दसवीं कक्षा का छात्र पिछले 12 दिन से लापता है। परिजन का आरोप है कि पुलिस उसकी तलाश नहीं कर रही है। छात्र घर से स्कूल जाने के लिए निकला था, जिसके बाद वो घर नहीं लौटा। उसका मोबाइल बंद है और स्कूटी रेलवे स्टेशन के पास मिला है। घबराए परिजन उसकी तलाश में भटक रहे हैं। उन्होंने एसएसपी रजनेश सिंह से अपने बच्चे को ढूंढने के लिए गुहार लगाई है। घटना तोरवा थाना क्षेत्र की है।

तोरवा के पावर हाउस चौक के पास रहने वाले महेश नायक कारोबारी है। वो बारदाना खरीदी-बिक्री का काम करते हैं। उनका बेटा विजय नायक (17) लालखदान स्थित होलीक्रास स्कूल में दसवीं कक्षा का छात्र है। बीते 15 नवंबर को स्कूल में पैरेंट्स टीचर मीटिंग थी, जिसमें शामिल होने के लिए महेश स्कूल गए थे। इस दौरान उनका बेटा विजय भी सुबह 9 बजे स्कूल जाने के लिए निकला था। लेकिन, वो स्कूल ही नहीं पहुंचा।

जब वो स्कूल नहीं पहुंचा, तब उसके पिता महेश ने उसके मोबाइल पर सुबह 9.45 बजे कॉल किया। इसके बाद वो स्कूल नहीं पहुंचा। पिता से आखिरीबार बात करने के बाद उसने अपना मोबाइल बंद कर लिया। इसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला। इससे घबराए परिजन उसकी तलाश में भटकते रहे।

इस दौरान परिजन उसकी तलाश करते हुए रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उसकी स्कूटी पार्किंग में खड़ी मिली। लेकिन, विजय का कुछ पता नहीं चला। आशंका है कि वो ट्रेन से कहीं चला गया होगा। या फिर कोई बहला फुसला कर उसे अपने साथ लेकर गया होगा।

छात्र के पिता महेश ने बताया कि उन्होंने दूसरे दिन यानी कि 16 नवंबर को इस घटना की जानकारी तोरवा पुलिस को दी। लेकिन, पुलिस उसकी गंभीरता से तलाश नहीं कर रही है। जिसके कारण आजतक उसका कुछ पता नहीं चल सका है।

कई दिनों तक परिजन अपने विजय की तलाश करते रहे। 12 दिन बीत जाने के बाद अब उन्हें अनहोनी की आशंका है। इससे घबराए परिजन काफी चिंतित हैं। उन्होंने बेटे की खोजबीन करने के लिए सोशल मीडिया का भी सहारा लिया। साथ ही पोस्टर और पंपलेट भी बांट चुके हैं। परेशान परिजन ने एसएसपी से मामले की शिकायत की है। साथ ही उन्होंने अपने बेटे की तलाश करने के लिए मदद की गुहार लगाई है। एसएसपी रजनेश सिंह ने बालक की तलाश के लिए हरसंभव कोशिश करने का भरोसा दिलाया है।

Share This Article