Vedant Samachar

सीजीपीएससी राज्य सेवा परीक्षा 2025 : आज जारी हो सकता है नोटिफिकेशन, 240 पदों पर होगी भर्ती

Vedant samachar
2 Min Read

रायपुर,26 नवम्बर (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) की राज्य सेवा परीक्षा 2025 के लिए नोटिफिकेशन आज जारी होने की संभावना है। इस बार करीब 240 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है, जो 17 से 20 विभिन्न सेवाओं के लिए होगी। सर्वाधिक पद नायब तहसीलदार के रहने की उम्मीद है। वहीं मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) वर्ग-ख और ग की भर्ती भी इसी परीक्षा के माध्यम से होगी।

सूत्रों के अनुसार, इस बार डिप्टी कलेक्टर के 10 से अधिक पद रहने की संभावना है, जबकि पिछली परीक्षा में केवल 7 पद थे। इसी तरह डीएसपी के लिए भी 10 से अधिक पद प्रस्तावित हैं। पिछली बार कुल 246 पदों के लिए भर्ती निकली थी, जिसकी तुलना में इस बार पदों की संख्या थोड़ी कम है।

पिछले दस वर्षों के आंकड़ों पर नज़र डालें तो वर्ष 2015 में सबसे अधिक 352 पदों पर भर्ती हुई थी। इसके अलावा सात बार दो सौ से अधिक पदों पर भर्ती निकली, जबकि केवल दो बार पदों की संख्या 200 से कम रही है।

26 नवंबर की शाम तक आयोग की ओर से आधिकारिक सूचना जारी होने की संभावना जताई जा रही है।

प्रस्तावित पदों में प्रमुख रूप से शामिल—
डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी, छत्तीसगढ़ राज्य वित्त सेवा अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, सहायक संचालक (वित्त), सहायक संचालक (पंचायत एवं ग्रामीण विकास), सहायक संचालक/जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी, सहायक संचालक (समाज कल्याण), मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, बाल विकास परियोजना अधिकारी, अधीनस्थ लेखा सेवा अधिकारी, नायब तहसीलदार, राज्य कर निरीक्षक, आबकारी उप निरीक्षक, उप पंजीयक, सहकारी निरीक्षक/सहकारिता विस्तार अधिकारी एवं सहायक जेल अधीक्षक आदि पद।

सीजीपीएससी 2025 को लेकर यह चर्चा थी कि इस बार परीक्षा नियमों में संशोधन किया जा सकता है, लेकिन आयोग के स्तर से स्पष्ट संकेत हैं कि प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं होगा। प्रारंभिक परीक्षा और मुख्य परीक्षा पूर्ववत ही आयोजित की जाएंगी तथा सिलेबस भी वही रहेगा। प्रीलिम्स परीक्षा फरवरी 2025 में आयोजित की जाने की संभावना है।

Share This Article