खैरागढ़, 14 मई (वेदांत समाचार)। शहर में जल आवर्धन योजना के तहत बनाए गए जलसंयंत्र से शुरू की गई प्रारंभिक सप्लाई में वार्डों में पहुँच रहे पानी के मटमैले और बेस्वाद होने के साथ बदबू की शिकायतें बढ़ गई है। शहर में गर्मी के चलते गिरते जलस्तर के बाद पेयजलसंकट से निपटने जल आवर्धन योजना के तहत प्रारंभिक रूप से पेयजल आपूर्ति प्रारंभ कराई गई है। लेकिन शहर के आधे से ज्यादा वार्डों में गंदा पानी उसमे बेस्वाद और बदबू होने की शिकायतें रहवासी लगातार कर रहे है। नपाध्यक्ष गिरजा चंद्राकर के अमलीपारा र्वाउ में ही जल आवर्धन योजना से हो रही सप्लाई पेयजल का उपयोग करने से लोग कतरा रहे है। पेयजल आपूर्ति के लिए नल की बजाय वार्डवासी निजी बोर संचालकाें के बोर से पानी भर रहे है।
वार्डवासियों ने पानी के गंदा होने और बदबू आने की शिकायत की है। इसके अलावा ईतवारी बाजार, तुरकारीपारा, गंजीपारा, सिविल लाइन, दाउचौरा जैसे वार्डों में भी गंदे पानी और खराब स्वाद वाले पेयजल आपूर्ति की शिकायतें लगातार बढ़ रही है।
शहर में जलसंयंत्र शुरू होने के पहले बोर से पेयजल आपूर्ति की जा रही थी। शहर के 20 वार्डों में 22 से अधिक बोर से वार्डों में पेयजल आपूर्ति कर वहाँ स्थापित पानी टंकिंयों को भरा जाता था। गर्मी के चलते कई वार्डों में जलस्तर गिरने से बोर फेल होने लगे। लो प्रेशर और पर्याप्त व्यवस्था नही होने से पेयजल आपूर्ति गडबड़ाने लगी जिसके बाद आनन फानन में जल आवर्धन योजना से संयंत्र को शुरू करते पानी टंकियों को योजना के तहत संयंत्र से आपूर्ति कर भरा जा रहा है। वहाँ से वार्डों में सप्लाई जारी है। लेकिन लगातार शिकायतों के बाद भी मामले में जांच और अन्य कार्यवाही नही होने से मामला अटका पड़ा है।
30 साल बाद जल आवर्धन योजना से सप्लाई
शहर में 30 साल बाद जल आवर्धन योजना के तहत जलसंयंत्र से फिल्टर कर शुद्ध पेयजल आपूर्ति शुरू की गई है। इसके लिए पिपरिया नदी से संयंत्र तक पानी पहुँचाया जा रहा है। लेकिन पानी के हरा और मटमैला होने से संयंत्र में भी इसका ट्रींटमेंट ठीक ढंग से नही हो रहा है। जिसके बाद इसे सीधे वार्डों में पानी टंकी में सप्लाई की जा रही है। महीने भर से जारी सप्लाई के दौरान पानी के गंदा होने के साथ साथ उसमें दवाईयों का स्वाद ज्यादा होने, बदबू आने तक ही शिकायतें है। इसके चलते कई वार्डों में पेयजल आपूर्ति से मिल रहे पानी का उपयोग करने से लोग कतरा रहे है। पिपरिया नदी से संयंत्र को पानी देने रश्मिदेवी जलाशय से पानी मंगाया जा रहा है। लेकिन शहर में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति होने के बजाय इसमे शिकायत बढ़ रही है।
अमलीपारा, धनेली सहित कूछ वार्डों में पानी में गडबड़ी, स्वाद और बदबू की शिकायत पर पानी की जांच कराई गई थी पानी की जांच में सही मिला है। संयंत्र से आपूर्ति वाले पेयजल का शोधन करने के बाद भी सप्लाई की जा रही है।
- मनोज शुक्ला, पेयजल विभाग प्रभारी नगरपालिका खैरागढ़
जलसंयंत्र से हो रही पेयजल आपूर्ति के पानी की जांच कराई गई है। जांच में पानी में कोई गडबड़ी नही मिली है। बोर से ही लगातार सप्लाई होने के चलते संयंत्र के फिल्टर पानी का स्वाद थोड़ा अलग लग सकता है। पानी में कोई खराबी नही मिली है।
- दीपाली तंबोली, उपअभियंता नगरपालिका खैरागढ़