बिलासपुर,17नवंबर (वेदांत समाचार) । बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत महमंद स्थित लाल गड्ढा तालाब में शनिवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया, जहां नहाने पहुंचे चार स्कूली छात्र अचानक गहरे पानी में चले गए। भारत माता स्कूल और रेलवे स्कूल में 11वीं-12वीं में पढ़ने वाले ये छात्र मनोरंजन के लिए तालाब पहुंचे थे, लेकिन नहाते समय अचानक गहराई में फंसकर डूबने लगे।
आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू कर प्रियांशु सिंह और एम. उदय किरण को सुरक्षित बचा लिया, लेकिन टी. पवन और पी. साईं राजेश पानी की गहराई में लापता हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और करीब चार घंटे तक चले कठिन सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों छात्रों के शव तालाब से बरामद किए गए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



