रायगढ़,21जुलाई(वेदांत समाचार) : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पिछले दिनों कलमी में अवैध रूप से फ्लाईएश डंप किए जाने की तैयारी थी। मामले की शिकायत होने के बाद इसका खुलासा हुआ। जहां इस मामले में अब NTPC प्लांट द्वारा संबंधित वाहनों व परिवहनकर्ता एजेंसी पर कार्रवाई की है। मामला 17 जुलाई का है। जहां NTPC से 6 गाड़िया फ्लाईएश लोडकर रायपुर और बलौदाबाजार जाने के लिए निकली, लेकिन रायपुर ना जाकर रायगढ़ के कलमी में उन फ्लाईएश को अवैध रूप से डंप करने पहुंच गई।
जहां जिंदलकर्मियों के द्वारा इसकी शिकायत की गई। ऐसे में पर्यावरण विभाग ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इसके बाद उन वाहनों को वापस भेजते हुए एनटीपीसी प्लांट के खिलाफ 4 लाख 5 हजार का जुर्माना लगाया। वहीं इस मामले को कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने गंभीरता से लिया। कलेक्टर के निर्देश पर एनटीपीसी लिमिटेड, लारा सुपर थर्मल पॉवर प्रोजेक्ट द्वारा अवैध अपवहन में संलिप्त 6 वाहनों को प्रतिबंधित करते हुए इससे संबंधित 3 एजेंसी के कार्य को निलंबित किया गया है।
साथ ही परिवहनकर्ता वाहनों पर 3 लाख रुपए तथा परिवहनकर्ता एजेंसी पर 3 लाख 70 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी द्वारा 18 जुलाई को जिले के थर्मल पॉवर प्लांटों की बैठक ली गई। बैठक में पॉवर प्लांटों को फ्लाई एश का परिवहन और अपवहन नियमानुसार किए जाने के लिए निर्देशित किया गया। नियमानुसार फ्लाई ऐश का परिवहन और अपवहन नहीं किए जाने पर उद्योग पर कड़ी कार्यवाही किए जाने की चेतावनी दी गई है।



