Vedant Samachar

CG NEWS:पुल बना नहीं और स्लैब में दरारें, ठेकेदार ने किया काम बंद, तुरेकेला-तिउर रोड पर सपनई नाले में बन रहा है पुल, जनवरी 2023 में पूरा होना था काम

Vedant Samachar
3 Min Read

खरसिया ,30 मार्च 2025 (वेदांत समाचार)। अब विकास के दो रूप हो गए हैं। शहरों को चमकाया जा रहा है और गांवों को भुलाया जा रहा है। कई सालों में कोई एक काम स्वीकृत होता है। वो भी समय पर पूरा नहीं होता। गांव के लोग पुरानी परेशानियों के साथ ही जीने को मजबूर हैं। तुरेकेला-तिउर के बीच सपनई नाले में पुल का काम बंद हो चुका है। नीचे स्लैब में दरारें हैं। जनवरी 2023 में पूरा होने वाला काम अब भी अधूरा पड़ा है। पीडब्ल्यूडी सेतु विभाग का काम भगवान भरोसे चल रहा है। जो पुल स्वीकृत हुए थे वे पूरे नहीं हुए। जो मांग हो रही है, उनको मंजूरी नहीं मिल रही है। जिम्मेदार अधिकारी दफ्तर भी नहीं आते।

छग रोड एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने खरसिया ब्लॉक में तुरेकेला से तिउर रोड पर सपनई नाले में पुल निर्माण को मंजूरी दी। काम लोक निर्माण विभाग सेतु को सौंपा गया। इसका ठेका विशंबर दयाल अग्रवाल ने करीब 17 प्रश बिलो में 4.49 करोड़ में लिया था। 105 मीटर लंबे पुल का वर्क ऑर्डर 8 दिसंबर 2021 को हुआ था। पुल निर्माण 8 जनवरी 2023 को पूरा हो जाना था। 4 स्पान में ढलाई हुई है। स्लैब में नीचे कई जगहों पर दरारें आ गई हैं, जिसे सीमेंट घोल लीपकर छिपाने का प्रयास किया गया है। तुरेकेला की ओर 180 मीटर और तिउर की ओर 125 मीटर एप्रोच रोड भी बनाई जानी है। अभी तो पुल ही पूरा नहीं हो सका है।

लोन-4 की अवधि खत्म
सेतु विभाग से जानकारी मिली कि ठेकेदार को भुगतान लंबित है। दरअसल यह प्रोजेक्ट लोन-4 के तहत लिया गया था। अवधि खत्म होने के बाद राशि आवंटन नहीं हुई। इधर ठेकेदार पर घटिया निर्माण के कारण पेनाल्टी लगा दी गई। कई लेबर का पेमेंट भी नहीं हुआ है। दो साल पहले पूरा होने वाला काम कम से कम छह महीने और चलेगा। सेतु विभाग ने समय पर काम पूरा नहीं किया इसलिए अब फंडिंग की समस्या आ रही है।

क्या कहते हैं वर्मा
नीचे कुछ जगहों पर दरारें हैं। ठेकेदार पर पेनाल्टी की गई है। फंड नहीं है इसलिए काम नहीं हो रहा है। काम जल्द शुरू कराने की कोशिश करेंगे :- आरके वर्मा, ईई, पीडब्ल्यूडी सेतु

Share This Article