Vedant Samachar

CG Crime: खड़े वाहनों से डीजल चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 14 सौ लीटर डीजल और स्कॉर्पियो जब्त

Vedant samachar
3 Min Read

जांजगीर-चांपा, 28 जनवरी 2026। बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत खड़े भारी वाहनों से डीजल चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का 140 लीटर डीजल और घटना में प्रयुक्त एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन जब्त की गई है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 12 लाख 13 हजार 20 रुपए बताई गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी विनोद कुमार, निवासी वार्ड क्रमांक 04 बुडगहन, थाना बलौदा, के पास 18 चक्का वाहन क्रमांक CG-12-BS-5883 है। 27 जनवरी 2026 को उन्होंने अपने वाहन में दीपका, जिला कोरबा से 200 लीटर डीजल भरवाकर कोयला लोड किया था और महावीर कोलवासरी, बलौदा की ओर जा रहे थे। रात करीब 11 बजे उन्होंने कटरा जंगल के पास सड़क किनारे वाहन खड़ा कर विश्राम किया।

रात्रि करीब 1 बजे से 1:30 बजे के बीच डीजल टंकी के पास कुछ आवाज सुनाई देने पर प्रार्थी टॉर्च लेकर नीचे उतरे। उन्होंने देखा कि तीन व्यक्ति एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन खड़ी कर उनके ट्रक से डीजल चोरी कर डिब्बों में भर रहे थे। टॉर्च की रोशनी पड़ते ही आरोपी स्कॉर्पियो वाहन से बुडगहन की ओर फरार हो गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 39/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में मुखबिर सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। पूछताछ के बाद रजनीश रात्रे, उम्र 24 वर्ष, निवासी खिसोरा खमदाई पारा, थाना बलौदा और जयनारायण कैवत्र्य, उम्र 20 वर्ष, निवासी बलौदा को हिरासत में लिया गया। दोनों आरोपियों ने डीजल चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 28 जनवरी 2026 को दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।l

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 303(2) और 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक सुनील टैगोर सहित पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में डीजल चोरी जैसी घटनाओं पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article