अंबिकापुर,14 दिसंबर (वेदांत समाचार)। शहर में देह व्यापार के एक संगठित रैकेट का पुलिस ने खुलासा करते हुए महिला के पति समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा मोबाइल फोन के जरिए ग्राहकों से सौदे तय किए जाते थे और इसके बाद लड़कियों की सप्लाई की जाती थी। इससे पहले पुलिस इस मामले में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है।
मामला थाना अंबिकापुर क्षेत्र का है। बीते 10 नवंबर 2025 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आकाशवाणी चौक के पास एक मकान में अनैतिक देह व्यापार संचालित किया जा रहा है, जहां युवक-युवतियों से अवैध रूप से वेश्यावृत्ति कराई जा रही है। सूचना के आधार पर जांच उपरांत महिला थाना अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 17/2025 के तहत धारा 3, 4, 5 एवं 7 अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आकाशवाणी चौक के समीप एक मकान से महिला आरोपी को गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उसे 10 नवंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि गिरफ्तार महिला का पति सुनील कुमार भी इस अवैध गतिविधि में सक्रिय सहयोगी है। पुलिस के अनुसार महिला ग्राहक तलाशने का काम करती थी, जबकि उसका साथी हेमंत दास देह व्यापार के लिए लड़कियों को ग्राहकों तक लाने-ले जाने की भूमिका निभाता था।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी। 13 दिसंबर को अंबिकापुर स्थित एक मकान से आरोपी सुनील कुमार, हेमंत दास और एक अन्य महिला को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया, जिसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
- सुनील कुमार, पिता कमला साव, उम्र 40 वर्ष, निवासी मयापुर, जिला सरगुजा
- हेमंत दास, पिता स्व. राजेश दास, उम्र 33 वर्ष, निवासी तेलसखरिया, थाना दरिमा
- एक अन्य महिला आरोपी
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और देह व्यापार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।



