बीजापुर,05नवंबर (वेदांत समाचार) । जिले के तारलागुड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर स्थित अन्नाराम और मरीमल्ला के घने जंगलों में हुई बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ में कुछ नक्सलियों के मारे जाने और मौके से हथियार मिलने की जानकारी सामने आई है। हालांकि पुलिस विभाग की ओर से फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
जानकारी के मुताबिक, यह मुठभेड़ नक्सलियों की मद्देड एरिया कमेटी के सदस्यों से हुई है। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस दल अभी भी जंगल के भीतर मौजूद है और संभावित नक्सलियों की तलाश में अभियान जारी है।
स्थानीय सूत्रों ने बताया कि इस इलाके में नक्सलियों की सक्रियता लंबे समय से बनी हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि यहां नक्सली बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे हैं, जिसके बाद संयुक्त सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई।
अधिकारियों के अनुसार, मुठभेड़ स्थल से बरामद हथियार और सामग्री की जांच की जा रही है। जंगल में ऑपरेशन फिलहाल जारी है, और पुलिस के उच्च अधिकारी स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए हैं।



