Vedant Samachar

CG ब्रेकिंग : खैरा में गुपचुप ठेले के विवाद पर चली एयरगन, छात्रा घायल; दो आरोपी गिरफ्तार

Vedant samachar
2 Min Read

बलौदा बाजार, 24 जनवरी (वेदांत समाचार)। जिले के करही चौकी अंतर्गत ग्राम खैरा में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खैरा हायर सेकेंडरी स्कूल के पास गुपचुप ठेले पर हुए विवाद के बाद एयरगन से फायरिंग की घटना सामने आई। इस घटना में पास में खड़ी एक छात्रा के पैर में गोली का छर्रा लग गया, जिससे वह घायल हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुपचुप ठेले पर किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपने पास रखी एयरगन से फायर कर दिया। फायरिंग के दौरान निकला छर्रा पास में खड़ी छात्रा के पैर में जा लगा। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे।

घायल छात्रा को तत्काल जिला चिकित्सालय बलौदा बाजार ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार, छात्रा की हालत अब खतरे से बाहर है और वह सुरक्षित है।

घटना की सूचना मिलते ही करही चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो आरोपियों मुरलीधर ध्रुव (उम्र 25 वर्ष) और देवनाथ जायसवाल (उम्र 29 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक एयरगन भी बरामद की गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि एयरगन किस प्रकार और किन परिस्थितियों में उपयोग की गई।

Share This Article