Vedant Samachar

CEO जिला पंचायत ने आवास दिवस में ग्रामीण हितग्राहियों को किया सम्मानित

Vedant samachar
3 Min Read

  • ग्राम पंचायतों में मनाया गया आवास दिवस, विकसित भारत–जी राम जी की दी गई जानकारी
  • पारदर्शिता के लिए क्यूआर कोड प्रणाली अपनाने के लिए किया प्रेरित

कोरबा/07 जनवरी 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार जिले की ग्राम पंचायतों में 07 जनवरी को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत “आवास दिवस” का आयोजन किया गया। आवास दिवस का मुख्य उद्देश्य स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण कराना, हितग्राहियों में जन-जागरूकता बढ़ाना तथा निर्माण में आ रही समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने निर्देशित किया है कि आवास दिवस का आयोजन सभी ग्राम पंचायतों में अनिवार्य रूप से किया जाए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र हितग्राही को समय पर पक्का आवास उपलब्ध कराया जा सके।

जनपद पंचायत कोरबा के ग्राम पंचायत चूइया में आयोजित आवास दिवस कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत श्री दिनेश कुमार नाग ने निर्धारित समय-सीमा में आवास निर्माण पूर्ण करने वाले हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने शेष हितग्राहियों को भी शीघ्र आवास निर्माण पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विकसित भारत–जी राम जी की अवधारणा एवं विशेषताओं की जानकारी देते हुए शासन की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

सीईओ श्री नाग ने ग्रामीणों को मनरेगा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिए क्यूआर कोड प्रणाली के उपयोग के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा एवं बिरहोर परिवारों के पीएम जनमन आवासों में पीएम सूर्यघर योजना के अंतर्गत सौर ऊर्जा के लाभ बताते हुए सौर ऊर्जा संयंत्र लगवाने हेतु भी प्रोत्साहित किया।

आवास दिवस के दौरान ग्राम पंचायतों में स्वीकृत, निर्माणाधीन एवं पूर्ण आवासों के हितग्राहियों की सूची का सार्वजनिक वाचन किया गया। 90 दिवस के भीतर आवास निर्माण पूर्ण करने वाले हितग्राहियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत 90 दिवस की अकुशल मजदूरी राशि के भुगतान की स्थिति पर भी चर्चा की गई।

कार्यक्रम में आवास निर्माण में आ रही तकनीकी, स्थानीय अथवा अन्य बाधाओं के समाधान पर विचार-विमर्श किया गया। पीएम जनमन योजना के हितग्राहियों के आवास निर्माण को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने हेतु विशेष चर्चा कर उन्हें प्रेरित किया गया।

आवास दिवस के अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत पदाधिकारियों को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के प्रावधानों तथा अन्य विभागों के साथ अभिसरण की संभावनाओं की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सीईओ जनपद पंचायत कोरबा, जिला आवास समन्वयक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Share This Article