0 ले रहा था 15 हजार की रिश्वत
गांदरबल/जम्मू-कश्मीर,30 जनवरी। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व विभाग के एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने शुक्रवार को इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी पटवारी एक व्यक्ति से 15 हजार रुपये की रिश्वत ले रहा था।
सीबीआई के अनुसार आरोपी के खिलाफ 28 जनवरी को मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि संबंधित सरकारी कर्मचारी ने एक व्यक्ति से जमाबंदी का एक्सट्रैक्ट जारी करने और जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में सुधार करने के एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित व्यक्ति ने इस मामले की शिकायत सीबीआई से की, जिसके बाद एजेंसी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया।
योजना के तहत सीबीआई की टीम ने आरोपी पटवारी को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।
सीबीआई ने अपने बयान में कहा कि भ्रष्ट सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ इस तरह की कड़ी कार्रवाई भ्रष्टाचार को खत्म करने की एजेंसी की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाती है। एजेंसी ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी सरकारी कार्य के लिए रिश्वत की मांग का सामना करना पड़े या किसी प्रकार का भ्रष्टाचार दिखाई दे, तो उसकी शिकायत अवश्य करें।
प्रेस विज्ञप्ति में यह भी बताया गया है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख क्षेत्र में यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत मांगता है, तो नागरिक सीबीआई या एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) को मोबाइल नंबर 9419900977 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।



