दुर्ग,14अप्रैल 2025 (वेदांत समाचार) : दुर्ग जिले के सेलूद क्षेत्र से गुजरने वाली तांदुला नहर में दो युवकों के डूबने की सूचना मिली है। दोनों युवक की तलाश में SDRF की टीम सुबह से नहर में उतरी है। खबर लिखे जाने तक एक भी बॉडी रिकवर नहीं की गई है।
SDRF प्रभारी नागेंद्र कुमार सिंह से मिली जानकारी के मुताबिक उन्हें 13 अप्रैल की शाम सूचना मिली थी कि उतई थाना अंतर्गत सेलूद के पास शाम 4 बजे नहर में दो युवक डूब गए हैं। रात हो जाने से SDRF की टीम पानी में नहीं उतरी। सुबह तड़के ही टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू का कार्य शुरू किया।
डूबने वाले युवकों की पहचान प्रहलाद यादव (40 साल) निवासी धनौरा दुर्ग के रूप में हुई है। उसके बड़े भाई ने बताया कि प्रहलाद मंत्रालय रायपुर में पदस्थ है। उसकी कुछ साल पहले ही शादी हुई थी और एक बेटी है। वहीं दूसरे युवक की पहचान नंद किशोर धुरवे (38 साल) निवासी सुभाष नगर बोरसी के रूप में हुई है। वो भी मंत्रालय रायपुर में पदस्थ था।
SDRF की टीम नहर में रेस्क्यू कर रही है। सुबह से लेकर दोपहर डेढ़ बजे तक दोनो में से किसी का भी शव नहीं मिल पाया है। मौके पर उतई पुलिस भी मौजूद है। जो नहर और आसपास लगी लोगों की भीड़ को हटाने का कार्य कर रही है।
नहर में बात करते समय फिसला पैर, दूसरा बचाने में डूबा

आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि प्रहलाद यादव और नंद किशोर धुर्वे एक अन्य व्यक्ति के साथ बिलई माता मंदिर के दर्शन करने जा रहे थे। शाम होने पर उन्होंने नहर में तेज पानी देखा तो कार खड़ी कर वहां कुछ देर रिलैक्स करने लगे। दोनो नहर के पानी में पैर डालकर बैठे थे। कार का चालक दूसरी तरफ फोन पर बात कर रहा था।
इसी दौरान बात करते करते प्रहलाद का पैर फिसला और वो नहर के तेज बहाव में चला गया। नंद किशोर ने उसे डूबते देखा तो वो उसे बचाने के लिए कूदा और फिर दोनो ही नहर में डूब गए। जब ड्राइवर ने देखा की दोनो लोग नहर में डूब रहे हैं तो उसने शोर मचाया और लोगों को बुलाया। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, फिर एसडीआएर टीम की सूचना पहुंची।
8 फिट गहरा पानी चल रहा है नहर में
तांदुल जलाशय से बीएसपी प्लांट को जोड़ने वाली इस नहर में इस समय पानी छोड़ा गया है। इसी नहर से भिलाई स्टील प्लांट के मरोदा डैम को भरा जाता है। इस समय नहर में 8 फिट गहरा पानी है और तेज बहाव भी है। इसके चलते जिला प्रशासन ने लोगों को नहर में ना जाने की चेतावनी भी दी हुई है।
नहर में लगाई जा रही जाली
एसडीआरएफ की टीम वोट लेकर तो नहर में उतरी ही है, साथ ही नहर में काफी आगे तक जाली लगाकर भी खोजबीन जारी है। एसडीआरएफ टीम का कहना है कि नहर का बहाव तेज है। इसलिए जाली लगाने से बॉडी के जल्द मिलने की संभावना रहती है।