सिकंदरा,11 जून 2025: सिकंदरा नेशनल हाईवे पर सिल्होड़ी गांव के पास एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में सरिया लदा ट्रक पलट गया। हादसे में बाइक सवार और ट्रक का सहचालक गंभीर रूप से घायल हो गए।ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सरिया इंजन में घुस जाने से सहचालक करीब 2 घंटे तक केबिन में फंसा रहा। चालक कूदकर भाग गया। 112 पुलिस वाहन और करंडे थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस ने JCB की मदद से सहचालक को बाहर निकाला। घटना आज सुबह की है। घायल सहचालक की पहचान गगौर गांव निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई। बाइक सवार सिकंदरा थाने में चौकीदार पद पर कार्यरत दीपक राम हैं.
जो जमुई जिले के पीरिंडा का रहने वाला है। वह जमुआमा गांव स्थित अपने ससुराल से लौट रहा था। इस हादसे में दीपक राम का एक पैर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। करंडे थाना के पुलिस पदाधिकारी निखिल भास्कर ने घायलों को तुरंत चेवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। बाद में उन्हें शेखपुरा सदर अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए पावापुरी हायर सेंटर रेफर कर दिया। थाना अध्यक्ष रिंकू रंजन के अनुसार, ट्रक चालक ने बाइक सवार को बचाने के प्रयास में संतुलन खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ।