रायगढ़,02जून 2025(वेदांत समाचार) : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में बिजली विभाग का लाईनमेन बाइक समेत पुल से नीचे गिर गया। इससे मौके पर उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मामले की सूचना पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला छाल थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी के मुताबिक पुरानी बस्ती खरसिया का रहने वाला ईश्वर शरण पांडे 45 साल बिजली विभाग के एडू फिटर में लाईनमेन के पद पर पदस्थ था। हर दिन की तरह वह रविवार को अपनी बाइक से काम पर गया था।

रात में काम खत्म होने के बाद बाइक से वापस घर आने को निकला। जहां एडू के पुराने पुल पर रेलिंग नहीं होने से वह अनियंत्रित होकर बाइक समेत पुल के नीचे गिर गया। इससे उसे गंभीर चोट पहुंची। घटना के बाद जब आसपास के लोगों को जानकारी हुई, तो मामले की सूचना बिजली विभाग व पुलिस को दी गई। ऐसे में पुलिस व बिजली विभाग के अन्य कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे और तत्काल ईश्वर शरण पांडे को अस्पताल ले गए, लेकिन डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस शव का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई में जूट गई है। वहीं आज सुबह करीब 10 बजे काफी संख्या में ग्रमीण मौके पर पहुंचे। जहां इस पुल के रास्ते को बंद करने के साथ ही मुआवजा राशि की मांग करने लगे। जिसकी जानकारी मिलने के बाद पुलिस व PWD सेतू निर्माण विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाईश दी। उन्हें अधिकारियों ने बताया कि यह पुल चलने लायक नहीं है और इसे बंद करने कहा जा चुका है। बाद में पुल के दोनों ओर मिट्टी डाल कर रास्ते को बंद किया जा रहा है। जिसके बाद वहां का माहौल शांत हुआ।