महासमुंद,01अप्रैल 2025 (वेदांत समाचार)। सरायपाली के एक होटल जय पैलेस में देह व्यापार संचालित होने की सूचना पर पुलिस ने आधी रात को दबिश दी। इस कार्रवाई में लॉज संचालक अंकित पटेल और उसके सहयोगी संतोष दास को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ पीटा एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पीड़ित महिला की शिकायत पर हुई कार्रवाई
पुलिस को इस रैकेट की जानकारी एक पीड़ित महिला से मिली, जिसने छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई थी। महिला की शिकायत पर पुलिस टीम ने तुरंत होटल में छापा मारा और पीड़ित महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद होटल संचालक अंकित पटेल को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
दलाल भी गिरफ्तार
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जब मामले की गहराई से जांच की, तो इसमें शामिल एक दलाल संतोष दास का भी नाम सामने आया। पुलिस ने तफ्तीश के बाद सुबह उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
लंबे समय से चल रहा था अवैध धंधा
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह लॉज लंबे समय से देह व्यापार का अड्डा बना हुआ था। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इसमें और कौन-कौन शामिल है। सरायपाली पुलिस ने बताया कि मामले की आगे जांच की जा रही है और होटल से बरामद दस्तावेजों और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।