Vedant Samachar

बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति व उद्योगपति संजय कपूर का निधन…

Vedant Samachar
2 Min Read

लंदन,13जून 2025। प्रसिद्ध व्यवसायी और करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर का 53 वर्ष की आयु में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। यह दुखद घटना यूके में एक पोलो मैच के दौरान हुई, जहां वे खेल में सक्रिय रूप से भाग ले रहे थे। संजय कपूर न केवल एक सफल उद्योगपति थे, बल्कि पोलो जगत में भी उनका नाम सम्मान के साथ लिया जाता था। वे ऑटोमोटिव सेक्टर की अग्रणी कंपनी सोना कॉमस्टार के कार्यकारी सीईओ के रूप में कार्यरत थे। अपने प्रोफेशनल करियर में उन्होंने नवाचार और नेतृत्व के उच्च मानक स्थापित किए थे।

संजय कपूर ने पहले बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर से शादी की थी, जिनसे उनके दो बच्चे हैं। 2017 में उन्होंने फैशन उद्योग से जुड़ी उद्यमी प्रिया सचदेव से दूसरी शादी की थी। उनका पारिवारिक और सामाजिक दायरा बेहद व्यापक था, और उनकी अचानक हुई मृत्यु ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिवार और करीबी सूत्रों के अनुसार, संजय पूरी तरह स्वस्थ थे और पोलो मैच के दौरान उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा। उन्हें तुरंत चिकित्सा सहायता दी गई, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। संजय कपूर का यूं अचानक चले जाना उनके परिवार, दोस्तों और व्यापारिक जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी है।

Share This Article