रायपुर,09 दिसंबर (वेदांत समाचार)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने कर्मचारियों के ब्लॉगिंग, वीडियो रिकॉर्डिंग, रील बनाने और किसी भी प्रकार की सोशल मीडिया गतिविधि पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। इस संबंध में रेलवे प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी करते हुए साफ कर दिया है कि ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया एक्टिविटी में लिप्त पाए जाने वाले कर्मचारियों पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
हाल ही में कई रेलवे कर्मचारियों के वीडियो और रील सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे, जिनमें वे ट्रेन संचालन के दौरान ब्लॉगिंग या कंटेंट क्रिएशन करते दिखाई दिए। इन वीडियो में संवेदनशील लोकेशन और संचालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी सामने आई, जिसके बाद रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन पर सवाल उठने लगे।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ट्रेन, स्टेशन, कंट्रोल रूम, यार्ड, कैबिन या किसी भी संवेदनशील स्थान पर वीडियोग्राफी करना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा भी है। कई वायरल वीडियो में रेल संचालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दिखने के बाद विभाग ने इसे गंभीर जोखिम माना है।
लोको पायलट, गार्ड और ट्रेन संचालन से जुड़े कर्मचारियों की जिम्मेदारियों को देखते हुए मोबाइल फोन का उपयोग केवल आवश्यक आधिकारिक कार्यों तक सीमित किया गया है। रेलवे का कहना है कि ड्यूटी के दौरान व्यक्तिगत सोशल मीडिया गतिविधि कर्मचारियों का ध्यान भटका सकती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।
रेलवे ने आदेश में दोहराया है कि सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी तरह का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



