Vedant Samachar

ग्रीनलैंड को अमेरिका में शामिल करने का विधेयक अमेरिकी संसद में पेश

Vedant Samachar
2 Min Read

वाशिंगटन,13 जनवरी । रिपब्लिकन सांसद रैंडी फाइन ने औपचारिक रूप से ‘ग्रीनलैंड एनेक्सेशन एंड स्टेटहुड एक्ट’ नाम का विधेयक पेश किया है। इस बिल का उद्देश्य ट्रंप प्रशासन को ग्रीनलैंड को अमेरिका में शामिल करने (एनेक्सेशन) और भविष्य में उसे अमेरिका का एक आधिकारिक राज्य बनाने के लिए कानूनी अधिकार देना है। रैंडी फाइन ने सोमवार (स्थानीय समय) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस बिल की जानकारी देते हुए लिखा था, यह बहुत बड़ी खबर है। आज मुझे गर्व है कि मैंने ग्रीनलैंड एनेक्सेशन एंड स्टेटहुड एक्ट पेश किया है। यह बिल राष्ट्रपति को वह रास्ता और साधन खोजने की अनुमति देता है जिससे ग्रीनलैंड को अमेरिकी संघ में शामिल किया जा सके।

फाइन ने दावा किया कि अमेरिका के दुश्मन देश आर्कटिक क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं और अमेरिका इसे किसी भी हाल में होने नहीं दे सकता। यह कदम आर्कटिक क्षेत्र में चीन और रूस के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए बेहद जरूरी है। रिपब्लिकन सांसद ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और विदेश मंत्री मार्को रुबियो पहले ही साफ कर चुके हैं कि अमेरिका को ग्रीनलैंड हासिल करके अपनी वैश्विक ताकत और प्रभुत्व को फिर से स्थापित करना होगा।

फाइन ने कहा, मेरा यह बिल इस सोच को हकीकत में बदल देगा और ग्रीनलैंड को अमेरिका का राज्य बनाकर अगले एक सदी के लिए अमेरिका को रणनीतिक बढ़त देगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस कदम से चीन और रूस को साफ संदेश जाएगा कि आर्कटिक क्षेत्र में अमेरिका की संप्रभुता को चुनौती देने के दिन अब खत्म हो चुके हैं। प्रस्तावित कानून अमेरिका को यह अधिकार देगा कि वह ग्रीनलैंड को हासिल करने के लिए बातचीत करे या आवश्यक कदम उठाए।

Share This Article