Vedant Samachar

Bilaspur Crime : कोनी में शांति भंग करने वालों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

Vedant samachar
2 Min Read

बिलासपुर, 17 जनवरी (वेदांत समाचार)। थाना कोनी क्षेत्र में अशांति फैलाने और महिला प्रार्थिया व गवाहों को धमकाने के मामले में बिलासपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस ने प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत यह कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 16 जनवरी 2026 को अन्नपूर्णा कॉलोनी बिरकोना निवासी सुशीला चौहान ने थाना कोनी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थिया ने बताया कि उनके घर के सामने रहने वाली काजल तिवारी के यहां कुछ संदिग्ध युवक आए हुए थे। इस पर प्रार्थिया और पड़ोस की कुछ महिलाएं जब पूछताछ करने पहुंचीं, तो काजल तिवारी आवेश में आ गई और अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि काजल तिवारी ने प्रार्थिया के साथ मारपीट की, जिससे उसके चेहरे और गले में चोटें आईं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध पंजीबद्ध किया।

विवेचना के दौरान 17 जनवरी 2026 को आरोपी काजल तिवारी अपने साथियों रितेश यादव और संजय उर्फ सोनू मरावी के साथ प्रार्थिया एवं महिला गवाहों से पुनः विवाद करने और धमकाने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तथा किसी बड़ी घटना की आशंका को रोकने के उद्देश्य से कोनी पुलिस ने तीनों आरोपियों को धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया।

गिरफ्तार आरोपियों में रितेश यादव (18 वर्ष) निवासी बैमा नागोई, थाना सरकंडा; संजय उर्फ सोनू मरावी (19 वर्ष) निवासी आशाबंध बिरकोना, थाना कोनी; तथा काजल तिवारी (19 वर्ष) निवासी अन्नपूर्णा कॉलोनी बिरकोना, थाना कोनी, जिला बिलासपुर शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने या इस प्रकार के कृत्यों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, ताकि आमजन में सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनी रहे।

Share This Article