Vedant Samachar

Bilaspur Crime: जंगल में संगठित जुआ का पर्दाफाश, 8 आरोपी गिरफ्तार, 2.78 लाख का मशरूका जब्त

Vedant samachar
3 Min Read

बिलासपुर, 31 दिसंबर (वेदांत समाचार)। चौकी बेलगहना थाना कोटा पुलिस ने संगठित जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल में जुआ खेल रहे 8 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकद राशि, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल सहित कुल 2 लाख 78 हजार 700 रुपये का मशरूका जब्त किया है। मामले में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे “प्रहार अभियान” के तहत यह कार्रवाई 31 दिसंबर 2025 की शाम को की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अर्चना झा एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी नुपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में बेलगहना पुलिस ने बगघरा जंगल में दबिश दी। यहां घने जंगल के बीच ताश से “काट पत्ती” नामक जुआ खेलते हुए 8 आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपियों में यश कुमार गंधर्व (42 वर्ष) निवासी कोनचरा, अंसार अंसारी (25 वर्ष) निवासी पडरापथरा, अविनाश श्रीवास (21 वर्ष) निवासी बेलगहना, अमित यादव (23 वर्ष) निवासी बेलगहना, रितेश पटेल (24 वर्ष) निवासी बेलगहना, रंजीत गिरी (25 वर्ष) निवासी सेमरिया थाना कोटा, राजकुमार रजक (35 वर्ष) निवासी टेंगनमाड़ा तथा दीपक बिनकर (24 वर्ष) निवासी बेलगहना शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 लाख 18 हजार 700 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, एक बोरी फट्टी, 7 मोबाइल फोन और 3 मोटरसाइकिल जब्त की है। चौकी बेलगहना में इस संबंध में अपराध क्रमांक 00/2025 धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम एवं धारा 112 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पूछताछ में सामने आया कि अनवर उर्फ टीपू खान, जो ग्राम खोंगसरा निवासी और चौकी का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है, अपने साथियों प्रकाश केवट और राजकुमार रजक के साथ मिलकर बिलासपुर एवं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के सरहदी इलाकों में संगठित रूप से जुए का संचालन करता था। रेड कार्रवाई के दौरान अनवर उर्फ टीपू खान एवं प्रकाश केवट फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों फरार आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। पकड़े गए कई आरोपी पूर्व में भी जुए के मामलों में संलिप्त पाए गए हैं।

इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक हेमंत सिंह, सहायक उप निरीक्षक भरतलाल राठौर, आरक्षक अंकित जायसवाल, धीरज ईश्वर नेताम, सुनील पटेल, लारंग साय करकट्टा एवं जायसवाल की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ एवं संगठित अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Share This Article