रायपुर, 10 दिसंबर (वेदांत समाचार)। रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ जारी अपने विशेष अभियान ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली टैबलेट की बड़ी खेप के साथ आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा है। थाना टिकरापारा क्षेत्र के रावणभांठा मैदान से पुलिस ने आरोपी आबिद खान उर्फ छोटा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक दोपहिया वाहन के साथ मैदान में खड़ा है और प्रतिबंधित टैबलेट की बिक्री करने की फिराक में है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को देखते ही युवक भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। उसकी पहचान आबिद खान उर्फ छोटा (29 वर्ष), निवासी बीएसयुपी कॉलोनी, सरोना के रूप में हुई।
तलाशी लेने पर आरोपी के पास कुल 900 नग प्रतिबंधित नाइट्राजेपम टैबलेट, एक्सेस 125 दोपहिया वाहन और वीवो मोबाइल फोन मिला, जिसकी कुल कीमत लगभग 80 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी इस प्रतिबंधित दवा की बिक्री करने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
थाना टिकरापारा में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 992/25, धारा 22(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आबिद खान उर्फ छोटा पूर्व में हत्या, हत्या के प्रयास और जुआ एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस अब फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक के आधार पर उससे पूछताछ कर रही है, ताकि इस अवैध नशीले पदार्थ की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य आरोपियों तक भी पहुंचा जा सके।
रायपुर पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में शहर में नशे के सौदागरों पर लगातार कार्रवाई जारी है।



