Vedant Samachar

कांग्रेस को बड़ा झटका! नगर पंचायत अध्यक्ष BJP में शामिल, प्रदेशाध्यक्ष की मौजूदगी में ली सदस्यता…

Vedant samachar
2 Min Read

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला। झगराखांड नगर पंचायत की वर्तमान अध्यक्ष रीमा यादव ने कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंहदेव और स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

यह राजनीतिक घटनाक्रम कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। रीमा यादव का भाजपा में शामिल होना न केवल संगठनात्मक कमजोरी को उजागर करता है, बल्कि कांग्रेस के मजबूत माने जाने वाले गढ़ में भाजपा की सेंध के रूप में देखा जा रहा है।

मंत्री की बहू को हराकर जीता था चुनाव
रीमा यादव का भाजपा में प्रवेश इसलिए भी अहम है क्योंकि पिछले नगर पंचायत चुनाव में उन्होंने भाजपा उम्मीदवार और मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल की बहू चंपा जायसवाल को बेहद कम अंतर से हराकर चुनाव जीता था। अब पुरानी प्रतिद्वंद्वी की पार्टी में शामिल होने के बाद झगराखांड नगर पंचायत की राजनीतिक तस्वीर पूरी तरह बदलती दिखाई दे रही है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि रीमा यादव के आने से भाजपा की पकड़ ग्रामीण और नगरीय दोनों क्षेत्रों में और मजबूत होगी। दूसरी ओर कांग्रेस को अपनी संगठनात्मक रणनीति और आंतरिक व्यवस्थाओं की पुनर्समीक्षा करनी पड़ सकती है।

भाजपा नेताओं ने किया गर्मजोशी से स्वागत
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंहदेव और मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने रीमा यादव का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। भाजपा नेताओं ने कहा कि उनके जुड़ने से पार्टी की ताकत और बढ़ेगी तथा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। भाजपा का कहना है कि यह स्वागत केवल एक नेता का प्रवेश नहीं, बल्कि इस बात का संकेत है कि दूसरे दलों के प्रभावी और लोकप्रिय नेता भी भाजपा की नीति और संगठन की मजबूती से प्रभावित होकर पार्टी से जुड़ रहे हैं।

Share This Article