असम में एक बड़ा और दर्दनाक रेल हादसा सामने आया है। ट्रेन संख्या 20507 डीएन सैरांग–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस हाथियों के एक झुंड से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेन का इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। यह हादसा गुवाहाटी से करीब 126 किलोमीटर दूर जंगल क्षेत्र में हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के समय ट्रेन तेज रफ्तार में थी। अचानक रेलवे ट्रैक पर हाथियों का झुंड आ गया और ट्रेन उनसे टकरा गई। स्थानीय लोगों के अनुसार यह करीब 8 हाथियों का झुंड था, जिसमें से अधिकांश हाथियों की मौके पर ही मौत हो गई है। घटना के बाद वन विभाग और रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में ट्रेन में सवार किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई है। रेलवे अधिकारियों ने तुरंत यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे की रेस्क्यू टीमें और वरिष्ठ अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने और क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। वहीं, पटरियों पर हाथियों के शव पड़े होने और ट्रैक को भारी नुकसान पहुंचने के कारण ऊपरी असम और पूर्वोत्तर के अन्य हिस्सों के लिए रेल सेवाएं फिलहाल बंद कर दी गई हैं।
इस हादसे ने एक बार फिर जंगल क्षेत्रों से गुजरने वाली रेलवे लाइनों पर वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन और रेलवे की ओर से हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।



