रायपुर, 26 जनवरी (वेदांत समाचार)। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा के निर्देश पर नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना विधानसभा पुलिस ने महाराष्ट्र से गांजा परिवहन कर रहे दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 35 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 24 लाख 70 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 25 जनवरी 2026 को थाना विधानसभा पुलिस को सूचना मिली थी कि चारपहिया वाहन में सवार कुछ लोग गांजा लेकर महासमुंद से रायपुर की ओर आ रहे हैं, जो महासमुंद पुलिस द्वारा लगाए गए नाकाबंदी को तोड़कर फरार हो गए हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी विधानसभा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विधानसभा क्षेत्र के आमासिवनी रिंग रोड नंबर 03 स्थित ब्रिज के पास नाकेबंदी की।
इस दौरान एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने पुलिस वाहन को ठोकर मारकर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया। वाहन में सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम राकेश कुमार गुप्ता एवं अमित सिंह, निवासी महाराष्ट्र बताया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखी बोरियों से अलग-अलग पैकेटों में गांजा बरामद हुआ। इसके बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 35 किलोग्राम गांजा जिसकी कीमत लगभग 17 लाख 50 हजार रुपये है, गांजा परिवहन में प्रयुक्त कार क्रमांक एमएच 46 सी व्ही 2841 जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख रुपये है तथा दो मोबाइल फोन जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये है, जब्त किए हैं।
इस मामले में थाना विधानसभा में अपराध क्रमांक 30/2026 के तहत धारा 20(B)(ii)(C) नारकोटिक एक्ट एवं लोक संपत्ति निवारण अधिनियम की धारा 3 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में राकेश कुमार गुप्ता पिता राधेश्याम गुप्ता उम्र 52 वर्ष निवासी साकुर्ली थाना ठाणे जिला ठाणे महाराष्ट्र तथा अमित सिंह पिता आजाद सिंह उम्र 35 वर्ष निवासी टोंढरे थाना देना बैंक जिला रायगढ़ महाराष्ट्र शामिल हैं। पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी है।



