रायगढ़, 21 जनवरी 2026 (वेदांत समाचार)। जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और संगठित कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी एवं नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में जिलेभर में एक साथ तड़के सुबह छापेमार कार्रवाई की गई। इस विशेष अभियान के तहत 24 अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर पुलिस ने अवैध कबाड़, 14 वाहन सहित करीब 4 करोड़ 90 लाख 54 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है तथा 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लाखा में तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो 10 चक्का ट्रक, दो माजदा वाहन, एक बोलेरो वाहन में लोड कबाड़ तथा ग्राम चिराईपानी रोड किनारे सिकंदर कबाड़ी के गोदाम से करीब 46 टन अवैध कबाड़ जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। मौके पर हाईवा एवं ट्रक वाहनों में छोटी-बड़ी गाड़ियों के पार्ट्स, लोहे के पाइप, सरिया, एंगल, खाली सिलेंडर, गोली एवं हाइड्रोलिक मशीनें भी बरामद की गईं।
इसी क्रम में पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में पुलिस टीम ने 6 अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 3 ट्रकों के साथ 6 आरोपियों को पकड़ा। इनके कब्जे से लगभग 67 टन अवैध कबाड़ जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 34 लाख रुपये बताई गई है। पूंजीपथरा पुलिस द्वारा आरोपियों पर पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें रिमांड पर भेजा गया है।
पुसौर क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान 3 अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से एक टाटा 710 वाहन एवं 4 टन से अधिक अवैध कबाड़ जब्त किया गया है।

इसी प्रकार चक्रधरनगर एवं भूपदेवपुर थाना क्षेत्र में 3-3 स्थानों पर, कोतरारोड़ एवं खरसिया में 2-2 स्थानों पर तथा धरमजयगढ़ एवं तमनार में एक-एक स्थान पर कार्रवाई की गई। जिलेभर में कुल 24 स्थानों पर की गई इस व्यापक कार्रवाई में हाईवा, ट्रक, टाटा 710, माजदा और छोटा हाथी पिकअप सहित कुल 14 वाहन जब्त किए गए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने बताया कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया है। अवैध कबाड़ कारोबार में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त और लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। अन्य थानों में भी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।



