राजनांदगांव ,30 जनवरी (वेदांत समाचार) । जिले में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के सफल क्रियान्वयन में लगातार उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की जा रही है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा उपभोक्ताओं को अधिकतम 1 लाख 8 हजार रूपए की सब्सिडी प्रदान की जा रही है, जिससे सोलर रूफटॉप स्थापना अब नागरिकों के लिए अधिक किफायती और सुलभ हो गई है। जिले में अब तक 7800 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 3079 लाभार्थियों का वेंडर चयन पूर्ण कर लिया गया है। इसके साथ ही 1100 घरों में सोलर पैनलों की स्थापना पूरी हो चुकी है और 756 उपभोक्ताओं को सब्सिडी वितरित की जा चुकी है। इस सप्ताह 183 नए आवेदन प्राप्त हुए तथा 68 इंस्टॉलेशन पूरे किए गए, जो योजना की निरंतर बढ़ती रफ्तार को दर्शाते हैं।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का प्रभाव भी अब जमीनी स्तर पर स्पष्ट दिखाई दे रहा है। बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में उल्लेखनीय कमी आयी है। कई घरों में बिजली का बिल शून्य या नकारात्मक आ रहे हैं। ऐसे उपभोक्ता अतिरिक्त उत्पादित सौर ऊर्जा सरकार को बिक्रीकर आय भी अर्जित कर रहे हैं। इससे न केवल परिवारों को आर्थिक लाभ मिल रहा है, बल्कि उन्हें ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी प्राप्त हो रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे है। हितग्राहियों को गुणवत्तापूर्ण इंस्टॉलेशन, समयबद्ध सब्सिडी वितरण और उपभोक्ताओं को निरंतर सहयोग प्रदान किया जा रहा है। नागरिकों से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से जुड़कर अपने घरों को स्वच्छ, सस्ती और आत्मनिर्भर ऊर्जा से सशक्त बनाने की अपील की गई है।



