बेमेतरा, 08 दिसंबर 2025। पुलिस अधीक्षक कार्यालय बेमेतरा में सोमवार को एक भावुक दृश्य देखने को मिला, जब स्वर्गीय आरक्षक गोपी प्रसाद कुम्भकार के पुत्र बाल आरक्षक शरद कुम्भकार अपने परिवार के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेमेतरा रामकृष्ण साहू (IPS) से मिलने पहुंचे। शरद कुम्भकार को उनके पिता के निधन के बाद अनुकंपा नियुक्ति पर जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में पदस्थ किया गया था। हाल ही में पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर द्वारा आगामी आदेश तक उन्हें बेमेतरा जिले से संबद्ध किया गया है।
मुलाकात के दौरान एसएसपी रामकृष्ण साहू ने शरद कुम्भकार और उनकी मां श्रीमती रिंगल कुम्भकार से गर्मजोशी से बातचीत की। उन्होंने बाल आरक्षक से उनकी पढ़ाई, प्रशिक्षण और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में पूछा और उन्हें बेहतर कार्य करने तथा अपने पिता की सेवा भाव की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
परिवार ने इस कठिन समय में पुलिस विभाग द्वारा मिले सहयोग और वरिष्ठ अधिकारियों के संवेदनशील व्यवहार के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि विभाग ने न केवल उन्हें सहारा दिया, बल्कि शरद को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
इस अवसर पर प्रभारी स्टेनो सउनि (अ) संतोष सोनवानी, स्थापना/एसआरसी लिपिक महेन्द्र भुआर्य सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे। पुलिस विभाग का यह मानवीय सहयोग एक बार फिर दर्शाता है कि कठिन परिस्थितियों में भी विभाग अपने कर्मियों और उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा रहता है।



