Vedant Samachar

अटल जी ने राजनीति को सेवा और सुशासन का माध्यम बनाया : अरुणीश तिवारी

Vedant Samachar
2 Min Read

अटल जयंती पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती मरीजों को कंबल वितरित

कोरबा,25 दिसंबर (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के निर्माता, देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई की जयंती के अवसर पर सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत नगर पालिका परिषद दीपका के वरिष्ठ पार्षद एवं पीआईसी सदस्य अरुणीश तिवारी (दादा भाई) द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दीपका में भर्ती मरीजों को कंबल का वितरण किया गया।

इस अवसर पर अरुणीश तिवारी ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई जी ने राजनीति को सदैव सेवा, सुशासन और परोपकार का माध्यम माना। उन्होंने कहा था कि “पार्टियां बनती-बिगड़ती रहेंगी, सरकारें आती-जाती रहेंगी, लेकिन देश और लोकतंत्र को मजबूत रहना चाहिए।” अटल जी के विचार आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनसे प्रेरणा लेकर समाज और देशहित में राजनीतिक शुचिता के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।

ठंड के मौसम को देखते हुए मरीजों को कंबल प्रदान करते हुए सभी ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस सेवा कार्य में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व एल्डरमैन, पूर्व मंडल अध्यक्ष शिवचरण राठौर, उत्तम दुबे, बूथ अध्यक्ष हेमचंद सोनी, वरिष्ठ श्रमिक नेता एवं बूथ अध्यक्ष बनवारी लाल चंद्रा, संघ परिवार के नितेश शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. कमलेश पोर्ते एवं स्वास्थ्य स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया।

Share This Article