आर्यावर्त बैंक ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला कर्मचारियों का सम्मान किया

हाथरस, 08 मार्च, 2025 । आर्यावर्त बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय, हाथरस के परिसर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बैंक की महिला कर्मचारियों को उनके अविस्मरणीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया और उनके उत्साहवर्धन हेतु कार्यक्रम आयोजित किए गए।

बैंक के सहायक महाप्रबंधक आर.एस. वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर महिला कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए भारत और विश्व में महिलाओं द्वारा समाज, अर्थव्यवस्था और संस्कृति के क्षेत्र में किए गए योगदान को रेखांकित किया। श्री वर्मा ने कहा कि महिलाएँ न केवल परिवार, बल्कि राष्ट्र की प्रगति की धुरी होती हैं। आर्यावर्त बैंक लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्ध है, और हमारी महिला कर्मचारी इस मिशन की प्रेरणादायक उदाहरण हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी महिला कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह भेंट करके सम्मानित किया गया। साथ ही, उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना की गई।

इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री नितेश सिंह परमार के प्रयासों को विशेष रूप से सराहा गया। उन्होंने समारोह में उपस्थित सभी महिला कर्मचारियों और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह दिवस हमें याद दिलाता है कि समावेशी विकास के लिए महिलाओं की भागीदारी और सम्मान अनिवार्य है।

आर्यावर्त बैंक ने लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए कार्यस्थल पर महिलाओं के लिए सुरक्षित और समर्थनपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने हेतु अनेक पहलें शुरू की हैं। बैंक का उद्देश्य महिला कर्मचारियों को नेतृत्व के पदों पर आगे बढ़ाने और उनकी पेशेवर क्षमताओं को निखारने के लिए प्रशिक्षण एवं संसाधन उपलब्ध कराना है।आर्यावर्त बैंक समाज के हर वर्ग के सशक्तिकरण और समानता में विश्वास रखता है।