मुंबई, 02 अप्रैल 2026: सोनी सब का शो इत्ती सी खुशी अपनी दिल छू लेने वाली कहानी से दर्शकों के दिलों में जगह बना रहा है। अन्विता (सुम्बुल तौकीर खान) और विराट (रजत वर्मा) अपनी ज़िंदगी के नए पड़ाव में कदम रख रहे हैं। निजी संघर्षों, गलतफहमियों और भावनात्मक उतार-चढ़ाव के बाद अब शादी के रस्मों की शुरुआत हो चुकी है, जिसका लंबे समय से इंतज़ार किया जा रहा था। यह घड़ी परिवार में खुशियाँ, प्यार और अपनापन लेकर आई है।
आने वाले एपिसोड्स में जश्न की शुरुआत हल्दी की रंगीन तैयारियों से होगी। काम के दबाव और पारिवारिक उम्मीदों के बीच भी अन्विता अपनी ज़िम्मेदारियों को पूरी तरह निभाती है।
वहीं, विराट हर पल उसके साथ खड़ा रहता है, समाज की आलोचनाओं से उसे बचाता है और अपने बिना शर्त समर्थन से उनके रिश्ते को और मज़बूत बनाता है। दोनों के बीच की गर्मजोशी और साझेदारी इस रिश्ते को भरोसे और सम्मान की नींव पर खड़ा करती है, चाहे हालात कितने भी उलझे क्यों न हों। लेकिन, जैसे-जैसे शादी की रस्में शुरू होती हैं, एक हल्का तनाव भी महसूस होने लगता है। इसी बीच सारा सेठी (भूमिका गुरंग) की रहस्यमयी एंट्री कहानी में नया मोड़ लाती है। उसकी मौजूदगी अन्विता और विराट के बड़े दिन पर तुरंत हलचल पैदा करती है। शुरुआत में वह रस्मों के बीच रुकावटें डालती नज़र आती है, लेकिन जल्द ही यह इशारा मिलता है कि उसके इरादे विराट और उसके जटिल अतीत से गहराई से जुड़े हैं। यह ट्रैक दर्शकों के लिए जश्न और रहस्य का अनोखा संगम लेकर आ रहा है, जहाँ खुशी और तनाव एक साथ आगे बढ़ते हैं।
जैसे-जैसे शादी के जश्न आगे बढ़ते हैं, सारा के कदम टकराव और अनिश्चितता को जन्म देते हैं। उसकी मौजूदगी से माहौल में अचानक तनाव और अप्रत्याशित घटनाएँ पैदा होती हैं। यही सवाल उठता है कि क्या सारा अन्विता और विराट के सबसे अहम् दिन पर मुश्किलें खड़ी करेगी?
अन्विता का किरदार निभा रहीं सुम्बुल तौकीर खान कहती हैं, “अन्विता के लिए शादी बहुत भावनात्मक पल है, क्योंकि यह सिर्फ प्यार की बात नहीं है, बल्कि यह अपने लिए खुशी चुनने का फैसला है। तमाम जिम्मेदारियों और हलचल के बीच भी वह उस खुशी को थामे रखना चाहती है। लेकिन, सारा सेठी की एंट्री के साथ एक अजीब-सी बेचैनी शुरू हो जाती है; कुछ गड़बड़ महसूस होती है, भले ही अन्विता उसे पूरी तरह समझ नहीं पाती। मुझे जो दिलचस्प लगता है, वह यह कि अन्विता तुरंत प्रतिक्रिया नहीं देती; वह ज़मीन से जुड़ी और संभली रहती है। यह ट्रैक उस जश्न और तनाव का खूबसूरत मेल पेश करता है, जहाँ अन्विता अपने नए सफर के लिए उम्मीद रखती है, लेकिन साथ ही अनजाने में एक ऐसी स्थिति में कदम रख रही है, जो उसे चुनौती दे सकती है।”
देखिए इत्ती सी खुशी, हर सोमवार से शनिवार रात 9 बजे, सिर्फ सोनी सब पर।
