कोरबा, 02अप्रैल (वेदांत समाचार)। जिले के दादर खुर्द स्थित दक्षिणेश्वर हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मनोकामना पूर्ण करने वाले इस प्रसिद्ध मंदिर में दूर-दराज क्षेत्रों से भक्त दर्शन के लिए पहुंचे और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
धार्मिक नगरी दादर खुर्द, जो प्राचीन एवं ऐतिहासिक स्वामी जगन्नाथ मंदिर के लिए प्रसिद्ध है, वहीं गांव के मुख्य मार्ग पर स्थित आदिशक्ति मां कंकालीन मंदिर परिसर में दक्षिणेश्वर हनुमान जी विराजमान हैं। मंदिर के मुख्य द्वार पर स्थापित हनुमान जी की लगभग 18 फीट ऊंची प्रतिमा श्रद्धालुओं के बीच विशेष आस्था का केंद्र है। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से दर्शन करने पर भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
मंदिर परिसर में ही मां सिद्धिदात्री कंकालीन देवी का भी दरबार सजा है, जहां प्रतिवर्ष सतचंडी महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जाता है। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर पूरे मंदिर परिसर को सजाया गया था और दिनभर पूजा, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन चलता रहा।
मंदिर के मुख्य पुजारी रामगोविंद द्विवेदी ने बताया कि हनुमान जन्मोत्सव को लेकर विशेष तैयारियां की गई थीं। सुबह से ही भक्तों का आना शुरू हो गया था, जो देर शाम तक जारी रहा। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर हनुमान जी का आशीर्वाद लिया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
